Aurangabad Murder Case Solved: औरंगाबाद जिले के बंदेया थाना क्षेत्र के साव बिगहा नहर के किनारे वृद्ध व्यक्ति की हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के अंदर खुलासा कर लिया है. पुलिस ने हत्याकांड में शामिल तीन आरोपितों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में हत्या की वजह अंधविश्वास और अवैध संबंध सामने आने की बात कही गई है. आरोपितों के पास से घटना में प्रयुक्त हसुली, मोबाइल, मोटरसाइकिल और एक कमीज बरामद की गई है.
नहर किनारे मिला था गला कटा शव
पुलिस के अनुसार, 14 अगस्त को बंदेया थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि साव बिगहा गांव के समीप नहर के किनारे एक वृद्ध व्यक्ति का गला कटा शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई. एफएसएल टीम को भी घटनास्थल पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया. मृतक की पहचान अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के पाचकेसर गांव निवासी सूचित बिंद के पुत्र जिनेश्वर बिंद के रूप में हुई थी.
एसआईटी ने सीसीटीवी और तकनीकी जांच से जुटाया सुराग
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी का गठन किया था. टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण और आसूचना संकलन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई.
जांच के दौरान पुलिस को एक संदिग्ध के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिला. इसके आधार पर पुलिस ने गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के केरा गांव से लालकेश्वर रविदास को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर उसके दलान से हत्या में इस्तेमाल की गई धारदार हसुली बरामद की गई.
पूछताछ में दो अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लालकेश्वर रविदास ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसके बयान के आधार पर घटना में दो अन्य लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली. पुलिस के मुताबिक हत्या के दौरान रामाशीष दास ने मृतक के हाथ-पैर पकड़े थे, जबकि लालकेश्वर ने हसुली से उसकी हत्या की.
इसके बाद एसआईटी ने कार्रवाई करते हुए औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र के रमदी गांव से रामाशीष दास को गिरफ्तार किया. वहीं, तीसरे आरोपित के रूप में एक महिला को अरवल जिले के करपी थाना क्षेत्र के केर गांव से पकड़ा गया.
हसुली, मोबाइल, बाइक और कमीज बरामद
पुलिस ने आरोपितों के पास से एक हसुली, एक मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और एक कमीज बरामद की है. गिरफ्तार तीनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
तीन आरोपित गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपितों में लालकेश्वर रविदास, उम्र 40 वर्ष, पिता कपिलदेव रविदास, निवासी केरा, थाना कोंच, जिला गया; रामाशीष दास, उम्र 45 वर्ष, पिता बुटाई दास, निवासी रमदी, थाना गोह, जिला औरंगाबाद तथा एक महिला शामिल है. पुलिस का कहना है कि अनुसंधान में सामने आए अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है.
