औरंगाबाद में सड़कों पर आवारा पशुओं का कब्जा, बढ़ रहा हादसों का खतरा: नगर परिषद की कार्रवाई पर उठे सवाल

औरंगाबाद की सड़कों पर आवारा पशुओं का जमावड़ा आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है. पशुओं के कारण यातायात बाधित हो रहा है और हर दिन दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ रहा है. स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से सख्त कार्रवाई की मांग की है.

औरंगाबाद शहर के मुख्य बाजार स्थित पुरानी जीटी रोड पर आवारा पशुओं का जमावड़ा आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है. सड़क के बीचों-बीच बैठे गाय और बैल यातायात को प्रभावित कर रहे हैं. इससे हर दिन सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद नगर परिषद की ओर से स्थायी समाधान नहीं किया गया है.

हर दिन हादसे का खतरा, वाहन चालकों को हो रही परेशानी

स्थानीय लोगों के अनुसार, पुरानी जीटी रोड पर 24 घंटे आवारा पशु सड़क पर बैठे रहते हैं. इससे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को काफी दिक्कत होती है. कई बार अचानक सामने आए पशुओं से टकराकर लोग घायल हो चुके हैं. कुछ मामलों में गंभीर चोट लगने के कारण लंबे समय तक इलाज भी कराना पड़ा है.

खुले छोड़ दिए जाते हैं मवेशी

शहरवासियों का आरोप है कि कुछ पशुपालक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिसके कारण वे सड़कों पर घूमते रहते हैं. इससे न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है.

नगर परिषद का अभियान क्यों पड़ा ठंडा?

पूर्व में नगर परिषद ने आवारा पशुओं को पकड़ने और सड़क से हटाने के लिए अभियान चलाया था. हालांकि, उस दौरान कुछ पशु मालिकों के विरोध और नगर परिषद की टीम पर हमले की घटना के बाद यह अभियान ठंडे बस्ते में चला गया. इसके बाद से प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी.

लोगों ने उठाई सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और नगर परिषद से नियमित अभियान चलाकर आवारा पशुओं को सड़क से हटाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले पशु मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था सुरक्षित और सुचारु हो सकेगी.

क्या बोले मुख्य पार्षद?

नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि कुछ लोग अपने पशुओं को खुले में छोड़ देते हैं. ऐसे लोगों को कई बार चिन्हित कर चेतावनी दी गई है, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. उन्होंने कहा कि जल्द ही ऐसे पशु मालिकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

औरंगाबाद में शादी के दो माह बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >