पीएम सूर्य घर योजना में तेजी लाने के निर्देश, औरंगाबाद में लक्ष्य से अधिक लाभार्थियों की सहमति अपलोड

Aurangabad News : प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर बिहार में राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक हुई. औरंगाबाद जिले ने लक्ष्य से अधिक लाभार्थियों की सहमति दर्ज कराई है. यह योजना लोगों को स्वच्छ ऊर्जा और बिजली बिल में राहत प्रदान करेगी.

Aurangabad News : प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को बिहार के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में यूटिलिटी लेड एग्रीगेशन की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी जिलों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने तथा योजना का लाभ समयबद्ध तरीके से आम लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए.

जीविका दीदियों के माध्यम से चलाया जा रहा जागरूकता अभियान

बैठक में बताया गया कि योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए जीविका दीदियों के माध्यम से कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं से संपर्क स्थापित कर उनकी सहमति प्राप्त की जा रही है. पंचायत स्तर पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, पर्याप्त तकनीकी मानवबल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा दैनिक मॉनीटरिंग के माध्यम से कार्यों में तेजी लाने पर विशेष जोर दिया गया.

औरंगाबाद में लक्ष्य से अधिक लाभार्थियों की सहमति

समीक्षा बैठक में औरंगाबाद जिले की प्रगति पर भी चर्चा की गई. अधिकारियों ने बताया कि जिले में 6,578 सोलर रूफटॉप इंस्टॉलेशन का लक्ष्य निर्धारित है. इसके विरुद्ध अब तक 8,505 लाभार्थियों की सहमति (कंसेंट) पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है. जिले में कार्यान्वयन एजेंसी के रूप में सेन एंड पंडित वोल्टेज कंट्रोल प्राइवेट लिमिटेड कार्यरत है. कार्यों में तेजी लाने के लिए आवश्यक मानवबल और संसाधनों की भी व्यवस्था की गई है.

नवंबर 2026 तक लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

मुख्य सचिव ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ लाभार्थियों के घरों पर शीघ्र सोलर रूफटॉप स्थापित कराने का निर्देश दिया. उन्होंने सामग्री की उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृति, गुणवत्ता नियंत्रण तथा दैनिक प्रगति की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने को कहा, ताकि नवंबर 2026 तक निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा किया जा सके.

डीएम ने अभियान में तेजी लाने के दिए निर्देश

बैठक के बाद जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्युत विभाग को योजना के क्रियान्वयन में और तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों के सहयोग से अधिक से अधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलने के साथ लोगों को बिजली बिल में भी राहत मिल सके.

जिलेवासियों से योजना का लाभ उठाने की अपील

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि अपने घरों पर सोलर रूफटॉप लगाकर हरित ऊर्जा अभियान का हिस्सा बनें और बिजली खर्च में स्थायी बचत सुनिश्चित करें. बैठक में उप विकास आयुक्त अनुपम सिंह, कार्यपालक अभियंता विद्युत तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Also Read : औरंगाबाद में 12 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा माले का नगर परिषद कार्यालय पर प्रदर्शन, होल्डिंग टैक्स वापस लेने की उठाई मांग



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sudhir kumar singh

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >