सर्विस प्लस का सर्वर स्लो, प्रमाण पत्र बनवाने में लोगों को हो रही परेशानी

Aurangabad News : दाउदनगर आरटीपीएस काउंटर पर सर्वर स्लो होने से जाति, आय और आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कर्मी देर रात तक काम कर रहे हैं.

Aurangabad News : सर्विस प्लस का सर्वर डाउन या स्लो रहने के कारण प्रखंड सह अंचल कार्यालय स्थित आरटीपीएस काउंटर से विभिन्न प्रमाण पत्र निर्गत कराने में लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आय, जाति, आवासीय एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र बनवाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में लोग ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं, लेकिन सर्वर की धीमी गति और बार-बार तकनीकी समस्या के कारण आवेदनों के निष्पादन में देरी हो रही है. बताया जाता है कि दिन के समय सर्वर की स्थिति अधिक खराब रहने के कारण ऑनलाइन कार्य प्रभावित हो रहा है. इसके चलते आरटीपीएस कर्मियों एवं कार्यपालक सहायकों को देर रात तक कार्यालय में काम करना पड़ रहा है. पिछले करीब 10 से 15 दिनों से यह समस्या अधिक गंभीर बनी हुई है.

राशन कार्ड और छात्रवृत्ति के लिए बढ़े आवेदन

इन दिनों प्रमाण पत्र बनवाने वालों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है. राशन कार्ड बनाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 13 अगस्त निर्धारित होने के कारण लोगों को आय, जाति एवं आवासीय प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही है. वहीं, छात्रवृत्ति का फॉर्म भरने के लिए छात्र-छात्राएं भी इन प्रमाण पत्रों के लिए ऑनलाइन आवेदन कर रहे हैं. शैक्षणिक संस्थानों में नामांकन के अलावा विभिन्न प्रतियोगी एवं अन्य परीक्षाओं में शामिल होने के लिए भी अभ्यर्थियों को आवश्यक प्रमाण पत्र जमा करना पड़ रहा है. इसके कारण आरटीपीएस काउंटर पर आवेदकों की भीड़ बढ़ गयी है.

प्रतिदिन 1500 से 2000 आवेदन ऑनलाइन

आरटीपीएस सूत्रों के अनुसार, दाउदनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय में औसतन प्रतिदिन करीब 1500 से 2000 आवेदन ऑनलाइन किये जा रहे हैं. इतनी बड़ी संख्या में आवेदन आने के बीच सर्वर डाउन एवं स्लो रहने से तकनीकी परेशानी और बढ़ गयी है. आवेदकों को आवेदन करने, दस्तावेज अपलोड करने तथा प्रमाण पत्र निर्गत होने तक कई स्तरों पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. आरटीपीएस सूत्रों ने बताया कि सर्वर की समस्या के कारण दिन में काम प्रभावित होता है. इसलिए कर्मियों को देर रात तक काम करना पड़ रहा है. इसके बावजूद सभी आवेदनों का समय पर निष्पादन करना मुश्किल हो रहा है. सर्वर से संबंधित समस्या की सूचना सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भी दी गयी है, लेकिन अब तक इसमें अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है.

आवेदन का लोड बढ़ने से स्लो चल रहा सर्वर : सीओ

इस संबंध में सीओ सतीश कुमार सिंह ने बताया कि आवेदन का लोड अधिक बढ़ने के कारण सर्वर स्लो चल रहा है. इसके बावजूद उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से कार्यों का निष्पादन किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सर्वर सही स्थिति में रहने पर प्रमाण पत्रों से संबंधित कार्यों का निष्पादन और तेज गति से किया जा सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >