बालू लदे ट्रैक्टर ने औरंगाबाद में 15 वर्षीय किशोर को कुचला, आक्रोशित लोगों ने किया सड़क जाम-आगजनी

देव के केताकी बाजार में बालू लदे ट्रैक्टर से किशोर की मौत के बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन. आरोपी की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े परिजन.

Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के कंचनपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. केताकी मठपर गांव निवासी 15 वर्षीय प्रिंस कुमार की इलाज के दौरान मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा. जैसे ही शव गांव पहुंचा, लोगों ने केताकी बाजार बंद करा दिया और मुख्य सड़क को जाम कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया. आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर आगजनी भी की और पुलिस-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

हादसे ने छीनी मासूम की जिंदगी

जानकारी के मुताबिक, प्रिंस कुमार अपने दो दोस्तों के साथ एरोरा गांव के पास स्थित मोड़ पर टहलने गया था. इसी दौरान केताकी की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा बालू लदा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया. ट्रैक्टर ने सीधे प्रिंस को कुचल दिया. इस भयावह हादसे में उसके दोनों साथी बाल-बाल बच गए.

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोग जुट गए और आनन-फानन में घायल प्रिंस को इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेजा गया. लेकिन हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई. इस खबर के बाद परिवार और गांव में मातम पसर गया.

शव पहुंचते ही फूटा ग्रामीणों का गुस्सा

पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही प्रिंस का शव गांव लाया गया, ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा. लोगों ने बांस-बल्ले लगाकर मुख्य सड़क को पूरी तरह जाम कर दिया. इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर उतर आईं. आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी करते हुए प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया.

ग्रामीणों ने इस हादसे के लिए अवैध बालू कारोबार को जिम्मेदार ठहराया. उनका आरोप है कि इलाके में नाबालिग बच्चों से ट्रैक्टर और भारी वाहन चलवाए जाते हैं, जिससे ऐसे हादसे हो रहे हैं. लोगों का कहना है कि इसी लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई.

चालक पर गंभीर आरोप, पुलिस पर भी सवाल

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक ने मौके पर मौजूद अन्य बच्चों को भी धमकी दी और फरार हो गया. लोगों का कहना है कि चालक और मालिक की पहचान पुलिस को होने के बावजूद प्राथमिकी अज्ञात के खिलाफ दर्ज की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई है.

आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर ट्रैक्टर मालिक से मिलीभगत का भी आरोप लगाया. उनका कहना है कि अगर पुलिस चाहती तो अब तक आरोपी की गिरफ्तारी हो सकती थी.

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही कंचनपुर और देव थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और थाने ले गई है. हालांकि ट्रैक्टर चालक और मालिक अभी फरार बताए जा रहे हैं.

स्थिति को देखते हुए दोनों थानों के थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर डटे रहे. खबर लिखे जाने तक सड़क जाम जारी था और केताकी बाजार पूरी तरह बंद रहा. ग्रामीण वरीय अधिकारियों को मौके पर बुलाने और आरोपी चालक व मालिक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए थे.

इस घटना ने एक बार फिर अवैध बालू कारोबार और सड़क सुरक्षा को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोग अब सिर्फ न्याय नहीं, बल्कि इस तरह की घटनाओं पर स्थायी रोक की मांग कर रहे हैं.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant Pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >