औरंगाबाद सदर अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार और उसके सामने के हिस्से को अतिक्रमण मुक्त कर व्यवस्थित एवं आकर्षक बनाने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. वर्षों से मुख्य गेट के आसपास लगने वाली फुटपाथी दुकानों के कारण मरीजों, उनके स्वजनों, चिकित्सकों और खासकर एंबुलेंस की आवाजाही में हो रही परेशानी को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने पहल की है. अतिक्रमण हटाने के बाद मुख्य प्रवेश द्वार के सामने एंबुलेंस के लिए पर्याप्त जगह और अलग पार्किंग की व्यवस्था विकसित की जायेगी. साथ ही पूरे प्रवेश क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा.
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार सिंह ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है. पत्र में कहा गया है कि मुख्य द्वार के समीप फुटपाथ पर दुकानें लगने के कारण अक्सर अतिक्रमण की स्थिति बनी रहती है. इससे अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. कई बार गंभीर मरीजों को लेकर आने वाली एंबुलेंस को भी मुख्य गेट तक पहुंचने में कठिनाई होती है.
एंबुलेंस को आने-जाने के लिए मिलेगा पर्याप्त रास्ता
उपाधीक्षक डॉ. आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के बाहर से अतिक्रमण हटाया जायेगा और पूरे क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा. अतिक्रमण हटने के बाद एंबुलेंस को आने-जाने के लिए पर्याप्त मात्रा में रास्ता उपलब्ध होगा. इससे आपातकालीन स्थिति में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में होने वाली परेशानी काफी हद तक समाप्त हो जायेगी.
उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए विभाग लगातार व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा हुआ है. अस्पताल के मुख्य प्रवेश क्षेत्र को सुव्यवस्थित करने के साथ ही अन्य आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.
पानी की किल्लत दूर करने के लिए करायी गयी बोरिंग
डॉ आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सदर अस्पताल में पानी की समस्या को देखते हुए बोरिंग करायी गयी है. बोरिंग से पर्याप्त मात्रा में पानी मिल रहा है, जिससे अस्पताल की व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में जहां-जहां आवश्यकता होगी, वहां पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जायेगी. विभाग का मुख्य उद्देश्य है कि इलाज के लिए आने वाले मरीजों और उनके स्वजनों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़े.
निर्माण कार्य पूरा होने के बाद होगा सौंदर्यीकरण
नगर परिषद के मुख्य पार्षद उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि सदर अस्पताल के उपाधीक्षक का पत्र प्राप्त हो गया है. पत्र के आलोक में नगर परिषद आवश्यक कार्रवाई करेगी. उन्होंने बताया कि वर्तमान में सदर अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य चल रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद मुख्य द्वार और उसके सामने के पूरे हिस्से का सौंदर्यीकरण कराया जायेगा.
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाकर एंबुलेंस के लिए पार्किंग और पर्याप्त जगह विकसित की जायेगी. इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और अस्पताल का मुख्य प्रवेश मार्ग पूरी तरह व्यवस्थित दिखाई देगा. अस्पताल प्रशासन और नगर परिषद की इस पहल से आने वाले दिनों में सदर अस्पताल की व्यवस्था और बेहतर होने की उम्मीद है.
क्या कहते हैं उपाधीक्षक
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार सिंह ने कहा कि मुख्य द्वार के समीप अतिक्रमण के कारण मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही प्रभावित होती है. नगर परिषद को पत्र भेजकर अतिक्रमण हटाने और मुख्य प्रवेश द्वार का सौंदर्यीकरण कराने का अनुरोध किया गया है. एंबुलेंस के लिए पर्याप्त रास्ता और बेहतर पार्किंग की व्यवस्था होगी. साथ ही अस्पताल में पानी सहित हर आवश्यक सुविधा को बेहतर किया जा रहा है, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो.
