आरएलएसवाई कॉलेज की एनसीसी इकाई का निरीक्षण, नए कमांडिंग ऑफिसर ने कैडेटों का बढ़ाया उत्साह

3 बिहार बटालियन एनसीसी के नवपदस्थापित कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण कुमार तोमर ने राम लखन सिंह यादव कॉलेज स्थित 3/13 कंपनी एनसीसी का औपचारिक निरीक्षण किया. उन्होंने कैडेटों के अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और व्यक्तित्व विकास के महत्व पर प्रकाश डाला.

Aurangabad News : 13 बिहार बटालियन एनसीसी के नवपदस्थापित कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण कुमार तोमर ने शुक्रवार को राम लखन सिंह यादव कॉलेज स्थित 3/13 कंपनी एनसीसी का औपचारिक निरीक्षण किया. उनके साथ एडम ऑफिसर कर्नल प्रदीप तक्षक और सूबेदार मेजर रमेश पात्रा भी मौजूद रहे.

गार्ड ऑफ ऑनर से किया गया स्वागत

महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय रजक एवं एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. विवेक कुमार ने देव सूर्य मंदिर का स्मृति-चिह्न भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया. इसके बाद अंडर ऑफिसर विकास कुमार के नेतृत्व में एनसीसी कैडेटों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया. कर्नल तोमर ने सलामी स्वीकार करते हुए कैडेटों के अनुशासन, एकरूपता और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की.

एनसीसी से मिलता है नेतृत्व और व्यक्तित्व विकास का अवसर

निरीक्षण के दौरान कमांडिंग ऑफिसर ने एनसीसी कार्यालय, प्रशिक्षण अभिलेख, प्रशासनिक व्यवस्था और कैडेट गतिविधियों का जायजा लिया. उन्होंने कैडेटों से संवाद करते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, राष्ट्रभक्ति, सेवा भावना और व्यक्तित्व विकास का सशक्त मंच है. उन्होंने प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाकर आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया.

नियमित अभ्यास और समयपालन पर दिया जोर

एडम ऑफिसर कर्नल प्रदीप तक्षक ने कहा कि एनसीसी केवल सैन्य प्रशिक्षण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं में नेतृत्व, टीम भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और आत्मविश्वास भी विकसित करती है. वहीं सूबेदार मेजर रमेश पात्रा ने समयपालन, नियमित परेड और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया.

महाविद्यालय प्रशासन ने जताया सहयोग का भरोसा

प्राचार्य प्रो. डॉ. विजय रजक ने कहा कि महाविद्यालय की एनसीसी इकाई विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और कॉलेज प्रशासन भविष्य में भी सभी गतिविधियों को पूरा सहयोग देता रहेगा. एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट डॉ. विवेक कुमार ने इकाई की उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी देते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में नई उपलब्धियां हासिल करने का विश्वास जताया. इस अवसर पर नैक समन्वयक डॉ. तरुण माथुर, परीक्षा समन्वयक डॉ. अरविंद कुमार, प्रधान सहायक कार्तिकेय कुमार तिवारी, लेखापाल विवेक कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >