औरंगाबाद में अखिल भारतीय ट्रांसपोर्टर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आरके शर्मा अपने 15 दिवसीय जागृति मिशन के तहत पहुंचे. इस दौरान लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह उर्फ सोनू सिंह के आवास पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया. मौके पर आरके शर्मा ने सोनू सिंह को सम्मानित भी किया. कार्यक्रम में संगठन के जिला प्रभारी कृष्ण कुमार समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे.
6 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर दिवस
आरके शर्मा ने बताया कि आगामी 6 सितंबर को पूरे देश में राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर दिवस मनाया जाएगा. इस अवसर पर जागृति कैंप, नेत्र जांच शिविर, रक्तदान शिविर, मेडिकल कैंप, पर्यावरण संरक्षण अभियान और अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर वे देशभर के विभिन्न जिलों का दौरा कर ट्रांसपोर्टर एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से संवाद कर रहे हैं.
ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर सरकार का ध्यान जरूरी
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार ट्रांसपोर्टरों और व्यापारियों की समस्याओं की लगातार उपेक्षा कर रही है. उन्होंने ट्रांसपोर्टर एवं ड्राइवर आयोग के गठन की मांग दोहराते हुए कहा कि यह उद्योग देश में लगभग 40 लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देता है, जबकि करीब 40 करोड़ लोगों की आजीविका इससे जुड़ी है. इसके बावजूद ट्रांसपोर्टरों को एमएसई के तहत ऋण जैसी बुनियादी सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध नहीं हो रही हैं.
कोरोना काल में योगदान का नहीं मिला सम्मान
आरके शर्मा ने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित की, लेकिन उन्हें कोरोना योद्धा के रूप में सम्मान नहीं दिया गया. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो संगठन आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा.
चिराग पासवान तक पहुंचाई जाएगी मांग
बैठक के दौरान आरके शर्मा ने लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष चंद्रभूषण सिंह से ट्रांसपोर्टरों की मांगों को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तक पहुंचाने का आग्रह किया. इस पर चंद्रभूषण सिंह ने आश्वासन दिया कि ट्रांसपोर्टरों की समस्याओं से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया जाएगा और उनके समाधान के लिए सकारात्मक पहल की जाएगी. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सभी वर्गों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है.
