Daudnagar Theft News : औरंगाबाद के दाउदनगर शहर के वार्ड संख्या 22 स्थित मौलाबाग मोहल्ले में चोरों ने सेवानिवृत्त शिक्षक वरदराज सिंह के घर को निशाना बनाया. गृहस्वामी के अनुसार चोर घर से करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.
खिड़की और वेंटीलेटर के रास्ते घर में घुसे चोर
जानकारी के अनुसार वरदराज सिंह मूल रूप से केशराड़ी गांव के निवासी हैं और वर्तमान में मौलाबाग स्थित अपने मकान में परिवार के साथ रहते हैं. गुरुवार रात परिवार के सभी सदस्य भोजन करने के बाद एक कमरे में सो गए थे. इसी दौरान चोर घर के पीछे की ओर से खिड़की के रास्ते अंदर घुसे और वेंटीलेटर के सहारे दो कमरों तक पहुंच गए.
गोदरेज और अटैची के ताले तोड़कर समेटे जेवरात
घर में प्रवेश करने के बाद चोरों ने गोदरेज, अटैची, दीवान पलंग सहित अन्य अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़ दिए. इसके बाद सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. पूरी वारदात के दौरान परिवार के किसी सदस्य को भनक तक नहीं लगी.
सुबह बिखरा सामान देखकर उड़े होश
शुक्रवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो कमरों में सामान बिखरा मिला. गोदरेज और अटैची के ताले टूटे देख चोरी की जानकारी हुई. इसके बाद परिजनों ने तुरंत दाउदनगर थाना पुलिस को सूचना दी.
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर दाउदनगर थाना के एएसआई भूपेंद्र कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने चोरों के घर में प्रवेश करने के संभावित रास्तों और अन्य साक्ष्यों की जांच की.
आवेदन के आधार पर दर्ज होगी कार्रवाई
अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षक के घर से करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी होने की सूचना मिली है. गृहस्वामी ने थाने में आवेदन दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
Also Read : औरंगाबाद : 'बोल बम' के जयघोष से गूंजा दाउदनगर, बाबा धाम के लिए रवाना हुआ कांवरियों का जत्था
