Punpun River Flood : औरंगाबाद के ओबरा प्रखंड के गिरा गांव में पुनपुन नदी का जलस्तर बढ़ने से किसानों की सब्जी की फसल बर्बाद हो गई है. किसानों को लगभग 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. मंगलवार को अपना दुख साझा करते हुए किसान नागमणि वर्मा, सच्चिदानंद, पिंटू कुमार कुशवाहा, नंद कुमार उर्फ सिपाही, रंजय कुमार, उदय कुमार, जितेंद्र मेहता सहित अन्य किसानों ने बताया कि एक सप्ताह पहले पुनपुन नदी में अचानक बाढ़ आने से खेतों में लगी नेनुआ, लौकी, भिंडी, बैंगन, कद्दू, खीरा, बोदी सहित अन्य हरी सब्जियों की फसल बर्बाद हो गई है. इसके अलावे बैंगन और पत्तागोभी के बिचड़े को भी नुकसान पहुंचा है.
200 एकड़ में लगी फसल नष्ट
किसानों ने बताया कि लगभग 200 एकड़ में लगी सब्जी की फसल नष्ट हो गई है, जिससे करीब 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है.
किसानों ने कहा कि वे सब्जी की खेती से ही अपने बच्चों का जीवन-यापन और पढ़ाई-लिखाई करते हैं. फसल बर्बाद होने से आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है और यह चिंता का विषय बना हुआ है.
मुआवजे की मांग
किसानों ने आरोप लगाया कि सुध लेने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि और कृषि विभाग के पदाधिकारी कोई पहल नहीं कर रहे हैं. किसानों ने क्षेत्र के काराकाट सांसद राजाराम सिंह और ओबरा विधायक डॉ प्रकाश चंद्र से ध्यान आकृष्ट कराते हुए मुआवजे की मांग की है. किसानों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त फसल का बीमा के अलावे मुआवजा राशि भी उपलब्ध कराई जाए.
Also Read : औरंगाबाद : देव में अब 25 दिन में मिलेगा LPG सिलिंडर, खत्म हुई 45 दिन की बाध्यता; उपभोक्ताओं को राहत
सरकार से त्वरित सहायता और आर्थिक तंगी से राहत की गुहार
किसानों ने कहा कि हमारे दुख को सुनने वाला कोई नहीं है, सरकार को इस मामले में हर हाल में पहल करनी चाहिए. किसान नागमणि वर्मा ने बताया कि यदि सरकार और प्रशासन पहल नहीं करते हैं तो किसानों को आर्थिक तंगी से गुजरना पड़ेगा. उन्होंने सरकार से नुकसान की भरपाई करने की मांग की है.
