Aurangabad News : जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन और विधि-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा ने गुरुवार को जिले के सभी एसडीपीओ, डीएसपी, पुलिस निरीक्षक, सर्किल इंस्पेक्टर (सीआई), थाना प्रभारी (एसएचओ) एवं शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक की. बैठक में जिले की वर्तमान अपराध स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए गए.
विजिबल पुलिसिंग पर एसपी ने दिया जोर
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने "विजिबल पुलिसिंग" पर विशेष जोर देते हुए सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों, पुलिस निरीक्षकों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से आम लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम होता है. एसपी ने अपराधियों की गिरफ्तारी, कुर्की-जब्ती एवं लंबित वारंटों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया.
बैंक, एटीएम और सीएसपी केंद्रों पर बढ़ेगी निगरानी
सभी थानाध्यक्षों को अपने क्षेत्र के बैंक, एटीएम एवं सीएसपी केंद्रों के आसपास नियमित गश्ती और कड़ी निगरानी रखने को कहा गया. साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर जांच करने तथा किसी भी घटना की सूचना मिलते ही तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
फरियादियों की शिकायतों का समय पर करें समाधान
पुलिस अधीक्षक ने थाना आने वाले फरियादियों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्राप्त आवेदन पर 24 घंटे के भीतर प्राथमिकी दर्ज की जाए और आधे घंटे के अंदर अनुसंधानकर्ता (आईओ) घटनास्थल का निरीक्षण कर अनुसंधान शुरू करें. प्राथमिकी दर्ज होने के सात दिनों के अंदर पर्यवेक्षण पूरा करने का भी निर्देश दिया गया. उन्होंने वाहन चोरी, मवेशी चोरी और अन्य चोरी की घटनाओं पर विशेष अभियान चलाने तथा गुंडा पंजी का साप्ताहिक सत्यापन करने को कहा.
गंभीर मामलों में साक्ष्य संकलन मजबूत करने का निर्देश
बैठक में लंबित जमानती एवं गैर-जमानती वारंट, कुर्की और इश्तेहार का एक माह के भीतर निष्पादन करने का निर्देश दिया गया. हत्या, लूट, डकैती सहित अन्य गंभीर मामलों में साक्ष्य संकलन को मजबूत बनाने तथा पुलिस पर हमला और सांप्रदायिक दंगा जैसे मामलों में फरार आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा गया.
अवैध शराब और बालू कारोबार पर होगी सख्ती
एसपी ने अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने शराब कारोबार के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर मुख्य तस्करों तक पहुंचने तथा शराब कांडों में संपत्ति जब्ती की कार्रवाई तेज करने को कहा. इसके अलावा अवैध बालू खनन, परिवहन और भंडारण पर भी सख्ती बरतने का निर्देश दिया गया. सात वर्ष से कम सजा वाले मामलों में फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं गवाहों की रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने तथा आई-रेड पोर्टल पर सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित जानकारी समय पर अपलोड करने को कहा गया.
स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित वाहन जांच, होटल सत्यापन और जेल से छूटे जघन्य अपराधियों पर निगरानी रखने को कहा. एसपी उपेंद्र नाथ वर्मा ने कहा कि अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें.
Also Read : नवादा में विभिन्न पंचायतों और वार्डों में लगे सहयोग शिविर
