औरंगाबाद जिलेभर में पुलिस का बड़ा अभियान, हत्या के दो आरोपित समेत 38 गिरफ्तार, 971 वाहनों की जांच

औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस का बड़ा अभियान चला, जिसमें हत्या के दो आरोपियों समेत 38 लोग गिरफ्तार हुए हैं. साइबर ठगी के 40 हजार रुपये भी पीड़ित महिला को लौटाए गए.

Aurangabad News: जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान में हत्या के दो आरोपितों समेत कुल 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपितों में मद्यनिषेध अधिनियम के पांच और अन्य मामलों के 31 आरोपी शामिल हैं. इनमें से 15 आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.

हत्या मामले के दो आरोपित गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार 18 जुलाई को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाया गया. हसपुरा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में बंगाली बिगहा गांव निवासी अमित कुमार और अमन कुमार उर्फ अविनाश कुमार को गिरफ्तार किया. दोनों से पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

चोरी का ट्रैक्टर जब्त, एक गिरफ्तार

हसपुरा थाना पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में पिरू गांव निवासी नन्हे मिस्त्री को गिरफ्तार किया. उसके कब्जे से चोरी का एक ट्रैक्टर भी बरामद किया गया, जिसे जब्त कर लिया गया है.

साइबर ठगी के शिकार महिला के खाते में लौटाए 40 हजार रुपये

साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने नगर थाना क्षेत्र निवासी देवी पायल सिंह के खाते में ठगी की गई 40 हजार रुपये की राशि वापस कराई. पुलिस ने लोगों से साइबर अपराध से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या लिंक से बचने की अपील की है.

971 वाहनों की जांच, 51 हजार रुपये जुर्माना वसूला

विशेष अभियान के दौरान जिलेभर में 971 वाहनों की जांच की गई. यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों से 51 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा पुलिस ने 70 वारंटों का निष्पादन किया और दो कुर्की की कार्रवाई भी की.

अपराधियों पर लगातार जारी रहेगा अभियान

पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 38 गिरफ्तारियां हुईं, जिनमें हत्या के दो, मद्यनिषेध अधिनियम के पांच और अन्य मामलों के 31 आरोपी शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए इस तरह का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इससे अपराधियों में हड़कंप है और कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है.

इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Manish raj singham

Published by: Vivek Ranjan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >