Aurangabad News: औरंगाबाद पुलिस केंद्र में आयोजित गरिमामय पिपिंग समारोह में पुलिस प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (पीटीसी) सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 48 पुलिस पदाधिकारियों को सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के उच्चतर पद का कार्यकारी प्रभार सौंपा गया. समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी नवप्रोन्नत अधिकारियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं.
वरिष्ठ अधिकारियों ने कंधों पर लगाए स्टार
समारोह में पुलिस अधीक्षक, औरंगाबाद, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-2) तथा पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित)/साइबर की मौजूदगी में पदोन्नत अधिकारियों को सम्मानित किया गया. इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों में बढ़ोतरी का भी प्रतीक है. उन्होंने सभी एएसआई से ईमानदारी, अनुशासन और निष्ठा के साथ अपने दायित्व निभाने की अपील की.
कानून-व्यवस्था और जनसेवा पर दिया गया विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिसकर्मियों का आचरण ही विभाग की पहचान होता है. उन्होंने सभी अधिकारियों से कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और पीड़ितों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने का आह्वान किया. साथ ही निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने पर विशेष बल दिया.
जिले की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की उम्मीद
समारोह में मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी नवप्रोन्नत एएसआई को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने उम्मीद जताई कि अधिकारी अपने अनुभव और प्रशिक्षण का बेहतर उपयोग करते हुए जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाएंगे. समारोह के अंत में सभी पदोन्नत अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया और नई जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया.
ALSO READ: औरंगाबाद जनता दरबार में डीएम अभिलाषा शर्मा ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए
