Aurangabad News : औरंगाबाद के दाउदनगर में शहीद सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों के सम्मान में आयोजित 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम देशभक्ति और भावनाओं से सराबोर रहा. प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कलाकारों ने वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके बलिदान को नमन किया.
डायट तरार सभागार में हुआ कार्यक्रम का आयोजन
दाउदनगर अनुमंडल प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में डायट तरार सभागार में शहीद सैनिकों की विधवाओं एवं उनके आश्रितों के कल्याणार्थ 'एक शाम शहीदों के नाम' कार्यक्रम का आयोजन किया गया. देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए.
दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का उद्घाटन एसडीओ अमित राजन, क्षेत्रीय सैनिक कल्याण पदाधिकारी, बीडीओ मो. जफर इमाम एवं सीओ सतीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. अधिकारियों ने कहा कि देश की सीमाओं पर तैनात जवान पूरे राष्ट्र को अपना परिवार मानकर सेवा करते हैं. उनके त्याग और बलिदान की बदौलत देश सुरक्षित है.
देशभक्ति गीतों ने बांधा समां
सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत ब्रजेश कुमार ने 'है प्रीत जहां की रीत सदा' गीत से की. इसके बाद उन्होंने 'किसी नजर को तेरा इंतजार आज भी है', 'चिट्ठी आई है', 'मुसाफिर हूं यारों' और 'दिल के टुकड़े-टुकड़े करके मुस्कुरा के चल दिए' जैसे गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं.
कलाकारों की प्रस्तुतियों ने किया भावुक
साधना झा ने 'हर करम अपना करेंगे', 'सुनो सजना', 'चलो सजना जहां तक घटा चले' और 'आदमी खिलौना है' जैसे गीत प्रस्तुत किए. वहीं अशोक कुमार ने 'नफरत की लाठी तोड़ो' और 'मुझको मेरे बाद जमाना ढूंढेगा' सहित कई गीतों से माहौल को भावुक बना दिया. ब्रजेश कुमार, अशोक कुमार और साधना झा की युगल प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए.
देशभक्ति नृत्य ने बढ़ाया उत्साह
सत्येंद्र कुमार ने देशभक्ति गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का उत्साह बढ़ाया. एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों के दौरान पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा. कार्यक्रम का संचालन उद्घोषक शशि ने किया.
अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यक्रम में एसडीपीओ अशोक कुमार दास, डीसीएलआर प्रणव कुमार, जेल अधीक्षक, भाजपा जिला प्रवक्ता अश्विनी कुमार तिवारी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष दीपक पटेल, राजद नगर अध्यक्ष मुन्ना अजीज सहित कई प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे.
