Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रकों के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है. सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद इस समस्या पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से परिवहन विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों में इसको लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है.
सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की हो रही अनदेखी
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे वाहनों की पार्किंग रोकने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने सख्त निर्देश दिए हैं. इसके बावजूद मदनपुर क्षेत्र में इन आदेशों का पालन नहीं हो रहा है. परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन की उदासीनता के कारण हाईवे पर ट्रकों की अवैध पार्किंग लगातार जारी है, जिससे राहगीरों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है.
पहले भी हो चुके हैं कई बड़े हादसे
हाईवे किनारे खड़े ट्रकों की वजह से जिले में पहले भी कई गंभीर सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है. हर बड़े हादसे के बाद प्रशासन कुछ दिनों तक अभियान चलाकर चालान काटता है, लेकिन कुछ समय बाद स्थिति फिर से पहले जैसी हो जाती है. इससे लोगों का कहना है कि प्रशासन केवल दुर्घटना होने के बाद ही सक्रिय होता है.
लाइन होटलों के पास सड़क बन जाती है सिंगल लेन
बारुण से मदनपुर तक एनएच-19 के कई हिस्सों में ट्रक चालक लाइन होटलों के पास घंटों तक अपने वाहन खड़े कर आराम करते हैं. इससे सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह घिर जाता है और वाहनों का आवागमन सिंगल लेन में होने लगता है. ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच टक्कर की आशंका कई गुना बढ़ जाती है.
अधिकारियों की नजरों से दूर बनी हुई है समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग से जिले के वरीय अधिकारी और परिवहन विभाग के अधिकारी नियमित रूप से गुजरते हैं, लेकिन सड़क किनारे खड़े ट्रकों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं होती. प्रतिदिन दर्जनों ट्रक हाईवे किनारे खड़े रहते हैं, फिर भी जिम्मेदार विभाग मौन बना हुआ है.
स्थानीय लोगों ने की सख्त कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों और राहगीरों ने जिला परिवहन पदाधिकारी से हाईवे पर अवैध रूप से खड़े ट्रकों के खिलाफ नियमित अभियान चलाने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने प्रशासन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर सुरक्षित और सुगम यातायात सुनिश्चित करने के लिए कड़े कदम उठाने की अपील की है.
