मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर न्यायमित्रों ने किया प्रदर्शन

18 वर्षों की सेवा, फिर भी उपेक्षा

18 वर्षों की सेवा, फिर भी उपेक्षा औरंगाबाद शहर. जिलेभर के न्यायमित्रों ने शनिवार को मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया. जिला न्यायमित्र संघ के बैनर तले यह प्रदर्शन जिला विधिज्ञ संघ भवन औरंगाबाद से शुरू होकर रमेश चौक होते हुए समाहरणालय तक निकाला गया. अधिवक्ता सतीश कुमार स्नेही ने बताया कि लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर न्यायमित्रों में गहरी नाराजगी है. उन्होंने कहा कि न्यायमित्र पिछले 18 वर्षों से ग्राम कचहरियों में छोटे-बड़े विवादों का समाधान कर न्याय व्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनके मानदेय में अब तक कोई वृद्धि नहीं की गई है. जिला न्यायमित्र संघ के अध्यक्ष उदय कुमार सिन्हा और सचिव सतीश कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदर्शन के दौरान न्यायमित्रों का एक शिष्टमंडल जिलाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारी से मिला और मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में न्यायमित्रों के मानदेय में यथाशीघ्र वृद्धि की प्रमुख मांग रखी गई. उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने मांग पत्र को अपने माध्यम से पटना स्थित संबंधित व सक्षम पदाधिकारी तक पहुंचाने का आश्वासन दिया है. न्यायमित्रों का कहना है कि यदि जल्द कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. प्रदर्शन में जिले के अधिकांश न्यायमित्र एवं अधिवक्ता उपस्थित रहे. सभी का कहना था कि ग्राम स्तर पर वर्षों से न्याय देने में योगदान के बावजूद उन्हें उचित सम्मान और पारिश्रमिक नहीं मिल पा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. न्यायमित्रों ने सरकार से जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sudhir kumar singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >