ओबरा। प्रखंड के खरांटी स्थित शहीद जगतपति कुमार स्मारक के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना रोकथाम फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान कार्यालय का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम की शुरुआत सत्यनारायण व्रत कथा से हुई. इसमें आचार्य कमलकिशोर पांडेय ने पुरोहित और संगठन के मीडिया प्रभारी रॉकी दूबे ने यजमान की भूमिका निभाई.
मुख्य अतिथियों ने फीता काटकर किया उद्घाटन
सत्यनारायण पूजा के समापन के बाद हम पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सुनील चौबे, पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष कृष्णकांत शर्मा, आचार्य कमलकिशोर पांडेय, विश्वनाथ पांडेय और रंजीत सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यालय का उद्घाटन किया. इस अवसर पर संगठन के सदस्यों ने सभी अतिथियों को सम्मानित भी किया.
गरीबों और सड़क हादसा पीड़ितों की मदद करेगा ट्रस्ट
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने के साथ-साथ जरूरतमंदों की सेवा करना है. संस्था गरीब और अनाथ बच्चों की निःशुल्क शादी, ठंड के मौसम में कंबल वितरण, ग्रामीण क्षेत्रों में निःशुल्क मेडिकल कैंप और अन्य सामाजिक कार्यों का भी संचालन करेगी.
सामाजिक सरोकारों को मिलेगा नया मंच
अतिथियों ने संगठन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की संस्थाएं समाज में सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करती हैं. कार्यक्रम में पुष्कर अग्रवाल, चंदन सिंह, नवलेश मिश्रा, रॉकी दूबे, सहजानंद डिक्कू, धीरज सिंह, आनंद विश्वकर्मा, गुड्डू सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित रहे.
