ओबरा. रक्षाबंधन और श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को ओबरा प्रखंड के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ पूजा-अर्चना की. देवकली स्थित बुढ़वा महादेव शिवालय में जय बजरंगबली कमेटी के तत्वावधान में भव्य जलभरी यात्रा निकाली गयी. इसमें सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु सिर पर कलश लेकर शामिल हुए.
पुनपुन नदी से जल लेकर पहुंचे श्रद्धालु
जलभरी यात्रा में शामिल श्रद्धालु पैदल ओबरा मुख्य बाजार से होते हुए पुनपुन नदी के तट दोमुहान पहुंचे. यहां विधि-विधान से कलश में जल भरा गया. इसके बाद श्रद्धालु बोल बम और भोले शंकर की जय के जयघोष के साथ देवकली शिवालय लौटे. मंदिर पहुंचने के बाद भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया गया. यात्रा के दौरान भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की आकर्षक झांकी भी निकाली गयी, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही.
थानाध्यक्ष ने की भाईचारा बनाए रखने की अपील
जलाभिषेक के बाद जय बजरंगबली कमेटी के तत्वावधान में कार्यक्रम आयोजित किया गया. ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, समाजसेवी चंदन सिंह और शेखर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. थानाध्यक्ष ने कहा कि कमेटी की ओर से प्रत्येक वर्ष पूर्णिमा और रक्षाबंधन के अवसर पर शांतिपूर्ण तरीके से जलभरी यात्रा निकाली जाती है. उन्होंने श्रद्धालुओं से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की.
देवी मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
ओबरा मुख्यालय स्थित देवी मंदिर परिसर में भी धार्मिक न्यास समिति की ओर से शिवालय को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु शिवालय और मां भगवती के दरबार में पहुंचकर पूजा-अर्चना करते रहे. मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया.
शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ मेला
धार्मिक न्यास परिषद ओबरा देवी मंदिर के सचिव कुमुद रंजन, उपाध्यक्ष कृष्ण प्रसाद सिंह, उप-सचिव स्नेह रंजन और कोषाध्यक्ष ब्रजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि दिनभर श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण तरीके से पूजा-अर्चना की. मेला भी शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के जवानों की तैनाती की गयी थी.
जय बजरंगबली कमेटी के अध्यक्ष आर्य सुमन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश लेकर जलभरी यात्रा में शामिल हुए. यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. मौके पर दयानंद कुमार, पंकज कुमार, कुंदन कुमार, सोनू कुमार, राजू कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे.
