Aurangabad News: मदनपुर बाजार के दुर्गा चौक निवासी होनहार छात्र निखिल कुमार ने NEET UG 2026 परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर औरंगाबाद जिले का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि पर रविवार को मदनपुर दुर्गा मंदिर प्रांगण में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने उन्हें अंगवस्त्र और बुके भेंट कर सम्मानित किया.
638 अंक के साथ हासिल की 99.87 परसेंटाइल
निखिल कुमार कपड़ा व्यवसायी दीपक प्रसाद और गृहिणी रिंकू कुमारी के पुत्र हैं. वे मील संचालक भरत साव के पोते हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा जारी परिणाम के अनुसार उन्होंने 720 में से 638 अंक प्राप्त किए हैं. उन्हें ऑल इंडिया रैंक (AIR) 2476 मिली है, जबकि ओबीसी-एनसीएल श्रेणी में 901वीं रैंक हासिल हुई है. कुल 99.87 परसेंटाइल के साथ उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.
तीनों विषयों में शानदार प्रदर्शन
निखिल ने जीव विज्ञान में 99.54 परसेंटाइल, रसायन विज्ञान में 99.44 परसेंटाइल और भौतिकी में 99.84 परसेंटाइल हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उनकी सफलता से मदनपुर सहित पूरे औरंगाबाद जिले में खुशी का माहौल है.
शिक्षा और संघर्ष से लिखी सफलता की कहानी
निखिल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा राइज हाई पब्लिक स्कूल, देव मोड़ से प्राप्त की. इसके बाद नौवीं और दसवीं की पढ़ाई डीएवी पब्लिक स्कूल, औरंगाबाद से पूरी की. इंटरमीडिएट की शिक्षा उन्होंने मदनपुर महाविद्यालय से वर्ष 2026 में पूरी. 21 जून 2026 को आयोजित नीट परीक्षा में उन्होंने लगातार मेहनत, अनुशासन और अभ्यास के बल पर यह सफलता हासिल की.
परिवार और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय
निखिल ने अपनी उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता, दादा और गुरुजनों को दिया. उन्होंने कहा कि परिवार का सहयोग और शिक्षकों का मार्गदर्शन उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा. उन्होंने भविष्य में डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करने की इच्छा जताई.
सम्मान समारोह में उमड़ी लोगों की भीड़
सम्मान समारोह की अध्यक्षता पूर्व मुखिया सुरेंद्र प्रसाद ने की, जबकि संचालन संजय शर्मा ने किया. कार्यक्रम में औरंगाबाद नगर अध्यक्ष उदय कुमार गुप्ता, वीरेंद्र साव उर्फ कारू साव, राकेश सिन्हा, बसंत जायसवाल, नारायण साव उर्फ त्रिवेणी साव, शिक्षक विश्वनाथ कुमार, मनोज पाठक, सोनू कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे. सभी ने निखिल की सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
इसे भी पढ़ें: बंटी यादव मर्डर केस: पीड़ित परिवार से मिले खेसारी लाल यादव, बोले- पुलिस असली तस्करों को नहीं पकड़ पाती
