औरंगाबाद: NH-139 फोरलेन निर्माण को लेकर सक्रिय हुए विधायक, पथ निर्माण मंत्री से की विस्तृत चर्चा

ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने पथ निर्माण मंत्री से मिलकर औरंगाबाद-पटना NH-139 को फोरलेन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा की. भूमि अधिग्रहण और तकनीकी बाधाओं को दूर करने का आश्वासन मिला.

Aurangabad News: बिहार विधानसभा सत्र के दौरान भोजनावकाश में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने अन्य विधायकों के साथ बिहार के पथ निर्माण मंत्री से मुलाकात की. इस दौरान औरंगाबाद–पटना मुख्य मार्ग (एनएच-139) के फोरलेन निर्माण को लेकर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की गई.

मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में औरंगाबाद सदर विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, अरवल विधायक मनोज शर्मा और गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा शामिल थे. बैठक में परियोजना की वर्तमान स्थिति, तकनीकी चुनौतियों और निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने के उपायों पर गहन विचार-विमर्श हुआ.

दूर होंगी प्रशासनिक बाधाएं

पथ निर्माण मंत्री से मिलने से पहले विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने विभाग के सचिव पंकज पाल से भी फोन पर लंबी बातचीत कर फोरलेन निर्माण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया. उन्होंने परियोजना में आ रही बाधाओं को दूर कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने की मांग की.

विधायक ने कहा कि भूमि अधिग्रहण, विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) और डिजाइन से जुड़ी कुछ तकनीकी चुनौतियां अवश्य हैं, लेकिन मंत्री व विभागीय सचिव ने आश्वस्त किया है कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान कर फोरलेन निर्माण कार्य को आगे बढ़ाया जाएगा.

सुगम यात्रा का मार्ग बने

विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने कहा कि उनका स्पष्ट संकल्प है कि एनएच-139 अब 'मौत की सड़क' नहीं, बल्कि विकास और सुरक्षित यात्रा का मार्ग बने. यह सड़क क्षेत्र के विकास, व्यापार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आवागमन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है. फोरलेन बनने से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों को आधुनिक यातायात सुविधा मिलेगी.

उन्होंने क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जब तक धरातल पर निर्माण शुरू नहीं हो जाता, वे लगातार विभागीय स्तर पर प्रयास करते रहेंगे और जल्द ही क्षेत्रवासियों को इस बहुप्रतीक्षित सौगात का लाभ मिलेगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Om Prakash

Published by: Vikash Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >