औरंगाबाद में जहां कभी गूंजती थी नक्सलियों की दहशत, अब शान से लहराया तिरंगा, कंचनपुर में दिखी बदलाव की तस्वीर

नक्सल आतंक के साये से बाहर निकलकर कंचनपुर थाना अब सुरक्षा का केंद्र बन गया है। स्वतंत्रता दिवस पर नवनिर्मित भवन में पहली बार शान से फहराया गया तिरंगा।

Aurangabad News : कभी नक्सलियों के आतंक का पर्याय रहे देव प्रखंड के कंचनपुर इलाके में अब बदलाव की तस्वीर साफ दिखाई देने लगी है. 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नवनिर्मित नक्सल थाना कंचनपुर परिसर में थानाध्यक्ष सुभाष कुमार ने ध्वजारोहण किया. तिरंगा फहराते ही पूरा थाना परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा. जिस इलाके में कभी नक्सली गतिविधियों के कारण लोगों के बीच भय का माहौल रहता था, वहां अब पुलिस की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज शान से लहराता नजर आया.

पहली बार थाना परिसर में शान से फहराया गया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने राष्ट्रध्वज को सलामी दी. स्थानीय ग्रामीणों के लिए भी यह पल खास रहा. ग्रामीणों ने कहा कि जिस क्षेत्र में कभी नक्सलियों की दहशत के कारण लोग भयभीत रहते थे, वहां आज पुलिस थाना संचालित हो रहा है और राष्ट्रीय पर्व पर तिरंगा पूरे सम्मान के साथ लहरा रहा है.

2023 में हुआ था नवनिर्मित भवन का उद्घाटन

नवनिर्मित नक्सल थाना भवन का वर्ष 2023 में पटना से मुख्यमंत्री स्तर से उद्घाटन किया गया था. हालांकि, उद्घाटन के बाद सुरक्षा कारणों से थाना भवन में पुलिस बलों की तैनाती नहीं हो सकी थी. इसके कारण भवन में थाना का सुचारू संचालन शुरू नहीं हो पाया था.

अप्रैल 2026 से शुरू हुआ थाना का संचालन

इसके बाद अप्रैल 2026 में कंचनपुर थाना में विधिवत रूप से कामकाज शुरू किया गया. पुलिस बलों की तैनाती के साथ ही थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई और पुलिस की गतिविधियां भी तेज हुईं. थाना के सुचारू संचालन के बाद नक्सल प्रभावित इलाकों में पुलिस की पहुंच बढ़ी है और ग्रामीणों के बीच भी सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है.

नक्सल प्रभावित क्षेत्र में बदलाव की बनी तस्वीर

कंचनपुर में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तिरंगा फहराया जाना सिर्फ एक राष्ट्रीय पर्व का आयोजन नहीं, बल्कि इलाके में बदलते हालात की तस्वीर भी पेश करता है. कभी नक्सली आतंक और भय के लिए पहचाने जाने वाले क्षेत्र में अब पुलिस की मौजूदगी, कानून-व्यवस्था और लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती नजर आ रही है. नक्सल प्रभावित क्षेत्र से सुरक्षा और लोकतंत्र की मजबूत होती तस्वीर तक का यह बदलाव स्थानीय लोगों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

पहली बार नवनिर्मित भवन में फहराया गया तिरंगा | Prabhat Khabar Network
पहली बार नवनिर्मित भवन में फहराया गया तिरंगा | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant Pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >