Aurangabad News : शहर में बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए नवीनगर को जल्द ही बाइपास रोड की सौगात मिलने की उम्मीद है. नवीनगर विधायक चेतन आनंद ने शहर के बाहर से बाइपास सड़क निर्माण का प्रस्ताव रखा है. प्रस्तावित सड़क के निर्माण से शहर के मुख्य इलाकों में वाहनों का दबाव कम होने के साथ लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है.
ब्लॉक से रेलवे स्टेशन तक जोड़ने का प्रस्ताव
प्रस्ताव के अनुसार बाइपास सड़क को नवीनगर ब्लॉक से कुशा कैनाल होते हुए उत्तर कोयल नहर, बारा फॉल के रास्ते नवीनगर रेलवे स्टेशन से जोड़ने की योजना है. यह सड़क शहर के लिए वैकल्पिक मार्ग के रूप में विकसित हो सकती है.
भारी वाहनों का दबाव होगा कम
बाइपास सड़क बनने से शहर के अंदर से गुजरने वाले भारी वाहनों और दूसरे वाहनों का दबाव कम होने की संभावना है. इससे मुख्य बाजार और प्रमुख सड़कों पर जाम की समस्या कम होगी तथा लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी.
शहर के विस्तार को भी मिलेगा फायदा
विधायक चेतन आनंद के इस प्रस्ताव को नवीनगर के भविष्य के विस्तार और विकास से जोड़कर देखा जा रहा है. बाइपास के निर्माण से शहर के बाहर के क्षेत्रों में भी विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलने और नये इलाकों के विकसित होने की उम्मीद है.
औरंगाबाद से धीरज झा की रिपोर्ट
