औरंगाबाद के मॉडल स्कूल में निरीक्षण के दौरान 5 कंप्यूटर और माइक्रोस्कोप खराब मिले, कमजोर छात्रों के लिए रिमेडियल क्लास का निर्देश

औरंगाबाद के मॉडल स्कूल सरस्वती विद्या निकेतन सुंदरगंज का जिला सहकारिता पदाधिकारी ने निरीक्षण किया. निरीक्षण में विज्ञान लैब के उपकरण और कंप्यूटर लैब में खराबी पाई गई. कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाओं के निर्देश दिए गए.

Aurangabad News: जिलाधिकारी के निर्देश के आलोक में प्राधिकृत पदाधिकारी सह जिला सहकारिता पदाधिकारी (डीसीओ) राजीव कुमार यादव ने बुधवार को बारुण प्रखंड स्थित मॉडल स्कूल सरस्वती विद्या निकेतन, सुंदरगंज का सघन निरीक्षण किया. निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता, बुनियादी सुविधाओं, स्मार्ट क्लास, कंप्यूटर लैब, विज्ञान प्रयोगशाला तथा स्वच्छता व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था.

विज्ञान लैब में केमिकल नदारद, माइक्रोस्कोप मिला खराब

जांच के क्रम में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने विद्यालय की विज्ञान प्रयोगशाला का भौतिक सत्यापन किया. इस दौरान महत्वपूर्ण उपकरण माइक्रोस्कोप खराब पाया गया, जबकि रसायन विज्ञान (केमिस्ट्री) लैब में आवश्यक केमिकल्स और अभिकर्मक उपलब्ध नहीं थे. इस घोर लापरवाही पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को सभी आवश्यक उपकरण एवं रसायन तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि "विज्ञान के सभी विषयों की प्रायोगिक कक्षाएं नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से आयोजित की जाएं, शिक्षण व्यवस्था में किसी भी स्तर पर शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी."

पांच कंप्यूटर मिले बंद, रिमेडियल क्लास शुरू करने के निर्देश

कंप्यूटर लैब की पड़ताल के दौरान पांच कंप्यूटर तकनीकी खराबी के चलते बंद पाए गए, जिन्हें अविलंब दुरुस्त कराकर छात्रों के उपयोग लायक बनाने का निर्देश दिया गया. हालांकि, जांच में यह संतोषजनक पाया गया कि स्मार्ट क्लास का उपयोग हो रहा है और नियमित कक्षाएं चल रही हैं. कमजोर विद्यार्थियों के लिए रिमेडियल (उपचारात्मक) कक्षाओं का संचालन न होने पर पदाधिकारी ने नाराजगी जताई और ऐसे छात्र-छात्राओं के लिए विशेष अतिरिक्त कक्षाएं शुरू करने का आदेश दिया.

स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष जोर

पदाधिकारी ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था, प्रकाश, पंखे तथा समग्र शैक्षणिक वातावरण का मुआयना किया. इसके अलावा उन्होंने छात्र एवं छात्राओं के शौचालयों की स्वच्छता और पेयजल आपूर्ति की जांच की तथा परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत दी.

राजीव कुमार यादव ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ सुदृढ़ आधारभूत संरचना का होना अनिवार्य है. उन्होंने प्रबंधन से उपलब्ध संसाधनों का शत-प्रतिशत सदुपयोग सुनिश्चित करने को कहा. निरीक्षण के दौरान विद्यालय प्रबंधन के प्रतिनिधि, शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे.

Also Read: रफीगंज-भदवा रोड पर धावा नदी का पानी पुल के ऊपर पहुंचा, प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुजीत कुमार सिंह

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >