Vehicle snatched from police: शहर के पिराहीबाग इलाके में पुलिस द्वारा जब्त किए गए मवेशियों को कथित तौर पर छुड़ाने को लेकर रात में हंगामा होने का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार, मवेशियों से लदा एक वाहन जब्त कर उसकी जांच की जा रही थी. इसी दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और हंगामा करते हुए वाहन को जबरन छुड़ा ले गए. मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है.
मवेशी लदा वाहन जब्त करने के बाद हुआ हंगामा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि पिराहीबाग इलाके में मवेशियों को कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक लादकर ले जाया जा रहा है. सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मवेशी लदे वाहन को जब्त कर लिया. पुलिस द्वारा वाहन और मवेशियों से संबंधित कागजात की जांच की जा रही थी.
इसी दौरान संबंधित लोगों ने पुलिस को बताया कि उनके पास मवेशियों से जुड़े आवश्यक कागजात हैं. पुलिस कागजात का सत्यापन कर रही थी और इसी बीच रात में करीब 60-70 लोगों के मौके पर पहुंचने का आरोप है. पुलिस के अनुसार, लोगों ने हंगामा करते हुए मवेशी लदे वाहन को जबरन छुड़ा लिया.
ईंट-पत्थर चलने की भी बात
घटना के दौरान काफी देर तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही. पुलिस के अनुसार, मौके पर ईंट-पत्थर भी चलाए गए. हालांकि, घटना में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है.
पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है.
एसडीपीओ के नेतृत्व में सुबह छापेमारी
मंगलवार की सुबह एसडीपीओ चंद्र भूषण के नेतृत्व में भारी संख्या में पुलिस बल पिराहीबाग पहुंचा. पुलिस टीम ने आरोपितों की तलाश में इलाके के कई स्थानों पर छापेमारी की.
छापेमारी टीम में पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार, अपर थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार, हसपुरा थानाध्यक्ष दिनेश कुमार, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, देवकुंड थानाध्यक्ष समेत विभिन्न थानों की पुलिस शामिल रही.
कुछ लोग हिरासत में, पूछताछ जारी
एसडीपीओ चंद्र भूषण ने बताया कि मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की भी जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
