औरंगाबाद में खनन विभाग की कार्रवाई, बिना ISTP और अवैध गिट्टी लदे 6 हाइवा पकड़े गए

Aurangabad News : औरंगाबाद के जिला खनन पदाधिकारी हरेश कुमार के निर्देश पर देव थाना क्षेत्र के भवानीपुर के पास जांच अभियान चलाकर अवैध गिट्टी लदे 2 हाइवा और बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट पास (ISTP) के 4 हाइवा जब्त किए गए. 10 जून के सरकारी आदेशानुसार पड़ोसी राज्यों से बिहार आने वाले खनिज वाहनों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराकर ट्रांजिट पास लेना जरूरी कर दिया गया है.

औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Aurangabad News :
बिहार के औरंगाबाद जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनन विभाग ने अपनी सख्ती काफी बढ़ा दी है. शनिवार को जिला खनन पदाधिकारी हरेश कुमार के निर्देश पर देव थाना क्षेत्र के भवानीपुर के पास एक विशेष और सघन जांच अभियान चलाया गया. इस अभियान के दौरान अवैध गिट्टी लदा दो हाइवा तथा बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट पास (ISTP) के चार हाइवा पकड़े गए. खनन विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध खनन गतिविधियों में शामिल माफियाओं और धंधेबाजों के बीच हड़कंप मच गया है.

खनन विभाग ने साफ कर दिया है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ उनका यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. इस विशेष कार्रवाई में खनन निरीक्षक कुमार प्रत्यूष एवं इकबाल हुसैन के साथ पुलिस बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

नियमों की अनदेखी करने वालों पर लाखों का जुर्माना, FIR दर्ज

कार्रवाई को लेकर जानकारी देते हुए खनन निरीक्षक कुमार प्रत्यूष ने बताया कि पिछले कुछ समय से विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर अवैध तरीके से औरंगाबाद की सीमा में प्रवेश कर रहे हैं. इसके साथ ही कुछ गाड़ियां बिना इंटर स्टेट ट्रांजिट पास के भी सीमा पार कर रही हैं. इसी सूचना पर चलाए गए जांच अभियान के दौरान दो अवैध गिट्टी लदे हाइवा तथा चार हाइवा बिना आइएसटीपी के पकड़े गए. विभाग द्वारा इन सभी वाहनों पर लाखों रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया है. इसके साथ ही स्थानीय थाने में संबंधित नियमों के तहत एक लिखित प्राथमिकी भी दर्ज करा दी गई है ताकि दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसा जा सके.

खनन निरीक्षक ने साफ किया कि जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों में ओवरलोडिंग, अवैध खनन तथा बिना चालान के होने वाले अवैध परिवहन को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी इस प्रकार का औचक अभियान पूरी कड़ाई के साथ जारी रहेगा.

खनिज लेकर आने वाले वाहनों के लिए ट्रांजिट पास जरूरी

खनन निरीक्षक इकबाल हुसैन ने नए नियमों की जानकारी देते हुए बताया कि 10 जून को जारी सरकारी आदेश के तहत अन्य राज्यों से खनिज लेकर आने वाले वाहनों के लिए ट्रांजिट पास (ISTP) अनिवार्य कर दिया गया है. अब झारखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल समेत अन्य पड़ोसी राज्यों से बिहार आने वाले खनिज वाहनों को ऑनलाइन पंजीकरण कराकर ट्रांजिट पास प्राप्त करना होगा. उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था से अवैध खनन, फर्जी चालान और अनियमित खनिज परिवहन पर प्रभावी रोक लगेगी. विभाग ने समय रहते सभी संबंधित वाहन स्वामियों से यह प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है.

चालान जारी होने के 6 घंटे के भीतर लेना होगा पास

विभाग द्वारा ट्रांजिट पास शुल्क भी निर्धारित कर दिया गया है और इसका भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किया जाएगा. नए नियम के अनुसार, खनिज स्रोत स्थल से परिवहन चालान जारी होने के छह घंटे के भीतर वाहन पर लदे खनिज के अनुरूप ट्रांजिट पास लेना अनिवार्य होगा. इस पास की वैधता परिवहन चालान की अवधि के बराबर ही होगी. परिवहन के दौरान वाहन चालक के पास संबंधित राज्य का वैध चालान और आइएसटीपी (ISTP) दोनों दस्तावेज होना आवश्यक होगा.

Also Read: औरंगाबाद में जर्जर दोमुहान पुल से गुजर रहे ओवरलोडेड ट्रक, बड़े हादसे का खतरा बढ़ा

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >