हत्या, पॉक्सो, एससी-एसटी एक्ट और शराब मामलों में बड़ी कार्रवाई, लाखों की वसूली

औरंगाबाद में सख्ती से चला पुलिस का अभियान, विभिन्न मामलों में 53 गिरफ्तार, 27 गये जेल

औरंगाबाद में सख्ती से चला पुलिस का अभियान, विभिन्न मामलों में 53 गिरफ्तार, 27 गये जेल

औरंगाबाद ग्रामीण. औरंगाबाद जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने के उदेश्य से पुलिस द्वारा चलाये गये विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है. जिले भर में एक साथ की गई कार्रवाई के दौरान 53 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें से 27 को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है. पुलिस कार्यालय द्वारा बताया गया कि अभियान के क्रम में हत्या कांड में एक, एससी-एसटी एक्ट के दो, पॉक्सो एक्ट के छह, हत्या के प्रयास के आठ, मद्य निषेध अधिनियम के 19 तथा अन्य मामलों में 17 आरोपितों की गिरफ्तारी की गई. इसके अलावे 38 वारंटों का निष्पादन और पांच मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई. जिले में चलाये गये वाहन जांच अभियान के दौरान कुल 1348 वाहनों की जांच की गई, जबकि विभिन्न मामलों में एक लाख 57 हजार 500 रुपये शमन राशि की वसूली हुई. पुलिस ने इस दौरान 1.90 लीटर देशी शराब, दो मोबाइल फोन, 1500 रुपये नकद, 35 किलोग्राम महुआ फुल जब्त किया तथा 280 लीटर महुआ घोल को मौके पर ही नष्ट कराया गया.

उत्पाद मामलों में तीन अलग-अलग कार्रवाई

नगर थाना कांड संख्या 76/26 के तहत आरोपित श्रीनिवास कुमार को 0.90 लीटर देशी शराब, दो मोबाइल फोन व 1500 रुपये नकद के साथ गिरफ्तार किया गया. वहीं मुफस्सिल थाना कांड संख्या 32/26 में आरोपित रविंद्र कुमार को एक लीटर देशी शराब के साथ दबोचा गया. रफीगंज थाना कांड संख्या 26/26 में पुलिस ने 35 किलोग्राम महुआ फुल बरामद किया और 280 लीटर महुआ घोल को नष्ट कराया.

गंभीर मामलों में भी बड़ी गिरफ्तारी

हत्या के पुराने मामले में पौथू थाना कांड संख्या 109/24 में आरोपित सुधीर यादव ने लगातार दबिश के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण किया. नवीनगर थाना के पॉक्सो कांड संख्या 497/25 में दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया. महिला थाना के पॉक्सो कांड संख्या 23/25 में पांच अभियुक्तों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया, जिसमें रामेश्वर राम उर्फ रमेश दास, नागेश्वर दास उर्फ नागेश्वर राम, अमरजीत राम उर्फ रंजीत राम, नीतीश कुमार सहित अन्य शामिल है. इधर, एसपी अंबरीश राहुल ने आम लोगों से अपराध नियंत्रण में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 से संपर्क करें.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >