दाउदनगर. मुहर्रम के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों व पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग दाउदनगर थाना परिसर में हुई. एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने बताया कि दंडाधिकारियों को यह बताया गया कि ड्यूटी के दौरान कर्तव्य स्थल पर क्या-क्या करना है. दो दिन पहले अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक मुहर्रम कमेटी के सदस्यों के साथ हुई है. भारी मात्रा में दंडाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति चिह्नित स्थानों पर की गयी है. साथ ही आसूचना संकलन के लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी घूमते रहेंगे. शनिवार से लेकर मुहर्रम की समाप्ति तक सुरक्षा व्यवस्था की गयी है, ताकि कोई भी ऐसी घटना न हो, जो गैरकानूनी हो और सांप्रदायिक सद्भावना को ठेस पहुंचाये. पुलिस और प्रशासन की तरफ से पूरी तैयारी कर ली गयी है, ताकि दाउदनगर अनुमंडल के सभी स्थानों पर शांतिपूर्ण तरीके से मुहर्रम का त्योहार मनाया जा सके. एसडीपीओ ने दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों से कहा कि ससमय अपने प्रतिनियुक्ति स्थल पर पहुंच जायेंगे. आसूचना संग्रह करेंगे और अपने वरीय पदाधिकारियों को अवगत करायेंगे. सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही है. अपना परिचय पत्र भी दंडाधिकारी साथ रखेंगे. एसडीपीओ ने बताया कि दाउदनगर अनुमंडल में 115 स्थानों पर दंडाधिकारी व पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनाती की गयी है. इसकी संख्या बढ़ायी भी जा सकती है. जुलूस की वीडियोग्राफी करायी जायेगी. ड्रोन से भी निगरानी की जायेगी. मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार, सीओ शैलेंद्र कुमार यादव, दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
