औरंगाबाद की वकील बेटी प्रेरणा प्रियदर्शिनी सुप्रीम कोर्ट में CJI की बेंच में बैठी, बिहार समेत मगध इलाके का बढ़ाया मान

सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड प्रेरणा प्रियदर्शिनी ने विशेष लोक अदालत में न्यायमूर्तियों के साथ बेंच साझा कर इतिहास रचा. यह उपलब्धि मगध क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है.

Prerna Priyadarshini : औरंगाबाद सहित पूरे मगध क्षेत्र के लिए गुरुवार ऐतिहासिक गौरव और हर्ष भरा दिन साबित हुआ. सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड (एओआर) प्रेरणा प्रियदर्शिनी को सर्वोच्च न्यायालय द्वारा आयोजित ‘समाधान समारोह’ यानी विशेष लोक अदालत के दौरान न्यायमूर्तियों के साथ बेंच पर बैठकर मामलों के निष्पादन में सहभागिता का अवसर मिला.

भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति सूर्य कांत ने विधि एवं न्याय के क्षेत्र में प्रेरणा प्रियदर्शिनी की उत्कृष्ट समझ, दक्षता एवं महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उन्हें इस विशेष बेंच के लिए नामित किया था.

न्यायमूर्तियों के साथ साझा की बेंच

सुप्रीम कोर्ट में आयोजित विशेष लोक अदालत के सत्र के दौरान प्रेरणा प्रियदर्शिनी ने न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा, न्यायमूर्ति एन. कोटिश्वर सिंह तथा वरिष्ठ अधिवक्ता अमित रावल के साथ बेंच साझा की. इस दौरान बेंच ने कई जटिल कानूनी विवादों का आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निष्पादन किया. इससे संबंधित पक्षकारों को सुलभ और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने में मदद मिली.

सुप्रीम कोर्ट की विशेष लोक अदालत में न्यायमूर्तियों के साथ बेंच पर बैठकर मामलों के निष्पादन में सहभागिता का अवसर मिलना प्रेरणा प्रियदर्शिनी के विधि क्षेत्र में बढ़ते कद को दर्शाता है.

समृद्ध राजनीतिक और साहित्यिक विरासत की है पृष्ठभूमि

प्रेरणा प्रियदर्शिनी का संबंध औरंगाबाद के अत्यंत प्रतिष्ठित परिवार से है. उनके दादा प्रसिद्ध लेखक, स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व विधान पार्षद स्व. कामता सिंह ‘काम’ थे. वहीं, उनके नाना औरंगाबाद के पूर्व सांसद स्व. रामनरेश सिंह उर्फ लूटन सिंह रहे हैं. उनके पिता प्रख्यात शिक्षाविद अशोक कुमार सिंह एवं माता प्रियंवदा रानी सिंह हैं. औरंगाबाद के पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह एवं वरीय भाजपा नेता सुनील कुमार सिंह उनके मामा हैं.

बिहार और मगध का बढ़ाया गौरव

सुप्रीम कोर्ट की विशेष लोक अदालत की बेंच में न्यायमूर्तियों के साथ बैठकर मामलों के निष्पादन में सहभागिता की उपलब्धि से प्रेरणा प्रियदर्शिनी ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे बिहार और मगध क्षेत्र को गौरवान्वित किया है. उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है.

लोगों ने कहा कि यह उपलब्धि औरंगाबाद सहित पूरे मगध क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है और विधि के क्षेत्र में आगे बढ़ने की आकांक्षा रखने वाले युवाओं का मनोबल बढ़ाएगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुधीर कुमार सिन्हा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >