Aurangabad News : औरंगाबाद जिले में मद्य निषेध अभियान के तहत सलैया थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 160 लीटर स्प्रिट के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई. पुलिस की इस कार्रवाई से स्प्रिट कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.
बरियाबा सड़क पर छापेमारी
सलैया थाना अध्यक्ष कन्हैया शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के बरियाबा जाने वाली सड़क पर छापेमारी की. जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई. उसके पास से चार हरे रंग के गैलन बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक की क्षमता 40 लीटर थी. इस प्रकार कुल 160 लीटर स्प्रिट बरामद की गई.
तस्कर की हुई पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सलैया थाना क्षेत्र के बरियावा गांव निवासी रामेश्वर कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है.
सप्लाई नेटवर्क की जांच
थानाध्यक्ष कन्हैया शर्मा ने बताया कि बरामद स्प्रिट के स्रोत और इसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है.
प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.
