औरंगाबाद के मदनपुर में सहयोग शिविर में सैकड़ों मामलों का निपटारा, राशन कार्ड के 30 और जॉब कार्ड के 5 आवेदन का समाधान

Aurangabad Sahyog Shivir: दक्षिणी उमगा पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया. भूमि विवाद से लेकर राशन कार्ड, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे सैकड़ों मामलों का निपटारा हुआ. निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था रही.

Aurangabad Sahyog Shivir: दक्षिणी उमगा पंचायत अंतर्गत मध्य विद्यालय जुड़ाही परिसर में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. मुखिया संध्या देवी की देखरेख में आयोजित शिविर में पंचायत के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे. शिविर में प्राप्त आवेदनों के आधार पर विभिन्न विभागों से जुड़े मामलों के निष्पादन की कार्रवाई की गयी.

अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया शिविर का उद्घाटन

सहयोग शिविर का उद्घाटन जिला पंचायती राज पदाधिकारी इख्तियार अहमद, जिला योजना पदाधिकारी अविनाश कुमार, अंचलाधिकारी अकबर हुसैन, पीओ योगेंद्र सिंह एवं बीपीआरओ विनोद कुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिये.

पंचायत स्तर पर ही समस्याओं के समाधान पर जोर

जिला पंचायती राज पदाधिकारी इख्तियार अहमद ने कहा कि सहयोग शिविर बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है. इसका उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों का समाधान पंचायत एवं स्थानीय स्तर पर ही त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी तरीके से सुनिश्चित करना है. इससे ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रखंड, अंचल या जिला मुख्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे.

भूमि विवाद से लेकर राशन और पेंशन तक की सुनवाई

उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर में भूमि विवाद, दाखिल-खारिज, राशन कार्ड, पेंशन, बिजली, पानी, सड़क सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की जाती है. एक ही स्थान पर अंचल, प्रखंड, पुलिस एवं अन्य विभागों के पदाधिकारी मौजूद रहते हैं, जिससे ग्रामीणों की समस्याओं पर तत्काल कार्रवाई करना आसान होता है. उन्होंने पंचायत के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में सहयोग शिविर में पहुंचकर इसका लाभ उठाने की अपील की.

राशन कार्ड के 30 और जॉब कार्ड के पांच मामलों का निपटारा

शिविर में राशन कार्ड से संबंधित 30 मामलों, जॉब कार्ड के पांच मामलों, जन्म प्रमाण-पत्र के छह मामलों और मृत्यु प्रमाण-पत्र के तीन मामलों का निपटारा किया गया. इसके अलावा विभिन्न विभागों से संबंधित सैकड़ों मामलों पर भी सुनवाई कर आवश्यक कार्रवाई की गयी. ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और उनसे मिलने वाले लाभ की जानकारी भी दी गयी.

शिविर में हुई निःशुल्क स्वास्थ्य जांच

सहयोग शिविर के दौरान चिकित्सा विभाग की ओर से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गयी. ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया. शिविर में पहुंचे लोगों ने पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में समस्याओं के समाधान की व्यवस्था को उपयोगी बताया.

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

मौके पर पुलिस निरीक्षक गोपाल सिंह, एसआइ सुशील कुमार चौधरी, पंचायत सचिव अरविंद कुमार, कृषि सलाहकार मुकेश कुमार अकेला, पूर्व मुखिया उपेंद्र यादव, उपमुखिया प्रतिनिधि सुरेंद्र यादव, कमलेश कुमार, अनिल यादव, सुजय कुमार, आदर्श कुमार, आशिक कुमार, सोनू कुमार सहित अन्य पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे.

Also Read: छात्रों पर गोलीबारी करने वाले सिपाही के पास AK-47 आई कैसे? तेजस्वी ने सरकार से किए ताबड़तोड़ 15 सवाल


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विनय सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >