Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत खुदवां थाना क्षेत्र के कलेन गांव में गुरुवार को आकाशीय बिजली गिरने से 20 वर्षीय एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई. घटना उस समय हुई जब युवक खेत में धान का बिचड़ा ढोने का काम कर रहा था. अचानक मौसम बदलने के साथ तेज गर्जना हुई और वज्रपात की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
धान का बिचड़ा ढोते समय गिरी बिजली
मृतक की पहचान कलेन गांव निवासी श्याम सुंदर पासवान के 20 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, गुरुवार को वह गांव के कलेन-चौनाही रोड स्थित बधार में धान का बिचड़ा ढोने का काम कर रहा था. इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली. काले बादलों के बीच तेज गर्जना हुई और आकाशीय बिजली सीधे उसके ऊपर गिर गई. वज्रपात इतना तेज था कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी. इसके बाद खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार, अपर थानाध्यक्ष सूरज कुमार तथा पुलिस पदाधिकारी अंजली कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया.
तीन महीने पहले हुई थी शादी, पूरे परिवार की जिम्मेदारी थी कंधों पर
ग्रामीणों ने बताया कि प्रिंस कुमार बेहद गरीब परिवार से था और मेहनत-मजदूरी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था. उसकी शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी. वह चार भाइयों में सबसे बड़ा था और परिवार में एक बहन भी है. उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव में भी शोक का माहौल है.
मुआवजा प्रक्रिया शुरू, जल्द मिलेगी सहायता
खुदवां थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है. वहीं अंचल अधिकारी (सीओ) राकेश कुमार ने बताया कि घटना के बाद राजस्व कर्मचारी को मौके पर भेज दिया गया है. सरकारी प्रावधान के तहत अनुग्रह सहायता राशि दिलाने के लिए मुआवजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. राजस्व अधिकारी को शीघ्र रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है, ताकि मृतक के परिजनों को जल्द आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके. ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है.
