Aurangabad News : औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड के बेल पंचायत स्थित सिहूडी गांव में शनिवार को काराकाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजाराम सिंह अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और मृतका के परिजनों से मिलकर सांत्वना दी.
दीवार गिरने से बच्ची की मौत
बताया जाता है कि दो दिन पूर्व कन्हाई मिस्त्री की 12 वर्षीय पुत्री बबली कुमारी की मिट्टी की दीवार गिरने से मौत हो गई थी. सूचना मिलते ही सांसद राजाराम सिंह गांव पहुंचे और शोकाकुल परिवार व पीड़ित पिता कन्हाई मिस्त्री से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की.
हादसे पर जताया गहरा दुख
सांसद ने इस अपूरणीय क्षति पर दुख प्रकट करते हुए कहा कि यह घटना बेहद पीड़ादायक है. इस तरह की असामयिक मृत्यु पूरे क्षेत्र के लिए दुखद है. उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया.
सरकारी मुआवजे का दिया आश्वासन
साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घटना की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता एवं मुआवजा उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने की बात कही.
मौके पर उपस्थित रहे प्रतिनिधि
इस दौरान जिला सचिव मुनारिक राम, सांसद प्रतिनिधि प्रकाश सिंह, चंद्रमा पासवान, वीरेन्द्र वर्मा, दिनेश राम, नरेन्द्र कुमार सहित काफी संख्या में लोग मौजूद रहे.
