औरंगाबाद: बाल सुधार गृह में गांजे के साथ धुरंधर के गीत पर बच्चों ने लगाए ठुमके

औरंगाबाद के बभनडीह गांव स्थित बाल सुधार गृह का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें बच्चे नशा करते और फिल्म के गाने पर नाचते दिख रहे हैं. आईजी ने संज्ञान लिया है और जांच टीम गठित की गई है.

Aurangabad News: औरंगाबाद शहर से कुछ ही दूरी पर स्थित बभनडीह गांव के बाल सुधार गृह (प्रेक्षण गृह) का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वायरल वीडियो में कुछ बच्चे 'धुरंधर' फिल्म के गीत पर नाचते हुए कथित तौर पर सिगरेट और गांजा पीते तथा धुएं के छल्ले उड़ाते दिखाई दे रहे हैं.

आईजी विकास वैभव ने लिया संज्ञान, एसपी ने गठित की जांच टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए मगध प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (IG) विकास वैभव ने संज्ञान लेते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक (SP) उपेंद्रनाथ वर्मा को त्वरित जांच का निर्देश दिया है. एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा ने बताया कि मामले की सत्यता, समय और परिस्थितियों की जांच के लिए बाल सुधार गृह के सहायक निदेशक और सदर एसडीपीओ (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई है. जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

सहायक निदेशक ने आरोपों को नकारा, बताया पुराना वीडियो

दूसरी ओर, बाल सुधार गृह के सहायक निदेशक महेश कुमार ने बच्चों द्वारा गांजा पीने के आरोपों से साफ इनकार किया है. उन्होंने कहा कि यह वीडियो लगभग एक वर्ष पुराना है और किसी त्योहार के अवसर का है. उन्होंने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित वरीय अधिकारियों को भेज दी गई है.

सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल

इस वायरल वीडियो ने बाल सुधार गृह की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यदि जांच में नशा करने की बात सही पाई जाती है, तो यह सुरक्षा में बड़ी चूक मानी जाएगी. फिलहाल पूरी सच्चाई पुलिस जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >