औरंगाबाद में अवैध बालू जब्त, दाउदनगर में खनन माफियाओं पर जिला प्रशासन की कार्रवाई

दाउदनगर में जिला खनन विभाग ने अवैध बालू भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए केरा गांव से करीब 5,500 सीएफटी अवैध बालू जब्त किया है. एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद चल रहे इस कारोबार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी.

दाऊदनगर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला खनन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है. दाउदनगर थाना क्षेत्र के केरा गांव में छापेमारी कर करीब 5,500 सीएफटी अवैध रूप से भंडारित बालू जब्त किया गया.

तीन स्थानों पर हुई कार्रवाई

जिला खनन पदाधिकारी विकास कुमार के नेतृत्व में खान निरीक्षक कुमार प्रत्युष और राजू कुमार ने दाउदनगर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की. निरीक्षण के दौरान भारी मात्रा में अवैध बालू भंडारित मिला. मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन बालू के स्वामी या संबंधित व्यक्तियों के बारे में कोई प्रमाणिक जानकारी नहीं मिल सकी.

अज्ञात लोगों पर दर्ज होगी प्राथमिकी

मामले में अज्ञात अवैध खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं और भंडारणकर्ताओं के विरुद्ध दाउदनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है. प्रशासन ने कहा है कि संबंधित लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी.

एनजीटी के प्रतिबंध के बावजूद हो रहा अवैध कारोबार

खनन विभाग के अनुसार, वर्तमान में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देशों के तहत नदियों से बालू निकासी पर प्रतिबंध लागू है. इसके बावजूद अवैध खनन और भंडारण किया जाना पर्यावरणीय नियमों का उल्लंघन है और इससे सरकारी राजस्व को भी नुकसान पहुंचता है.

अभियान रहेगा जारी, लोगों से मांगी सूचना

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध बालू कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा. जब्त बालू की सुरक्षा की जिम्मेदारी नियमानुसार थ्रीसी बालू घाट के बंदोबस्तधारी रमेश कुमार भारती को सौंपी गई है. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि अवैध खनन, परिवहन या भंडारण की सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >