जनसमस्याओं को लेकर बाजार बंद

औरंगाबाद गोह बंद: जनसमस्याओं को लेकर बाजार बंद, जलजमाव और अस्पताल की व्यवस्था सुधारने की मांग

गोह प्रखंड मुख्यालय में जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शांतिपूर्ण बंद का आयोजन किया गया. स्थानीय लोगों ने जलजमाव, खेल मैदान और अस्पताल की बदहाली को लेकर रोष जताया. प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद है.

Aurangabad News: गोह प्रखंड मुख्यालय में व्याप्त विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर बुधवार को गोह बंद का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से किया गया. सुबह से ही जगतपति चौक पर सैकड़ों की संख्या में लोग जमा हुए और जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर आवाज बुलंद की.

बंदी के दौरान गोह बाजार में कई दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन का समर्थन किया. आंदोलन में शामिल लोगों ने कहा कि थोड़ी सी बारिश होने पर गोह की कई प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण जल निकासी की समस्या बनी हुई है.

खेल मैदान और पोखरों की बदहाली से नाराजगी

इसके अलावा गोह के खेल मैदान और पोखरों की बदहाली तथा स्थानीय अस्पताल की व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर भी लोगों में नाराजगी है. आंदोलनकारियों ने कहा कि बंद किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध में नहीं है. इसका उद्देश्य गोह की जनसमस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाना तथा उनके स्थायी समाधान की मांग करना है.

जगतपति चौक सहित बाजार में पुलिस बल तैनात

बंदी को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा. जगतपति चौक सहित बाजार के विभिन्न स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई. प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी गई और बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए.

समाधान नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

आंदोलनकारियों ने कहा कि गोह की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा. फिलहाल गोह में बंद शांतिपूर्ण तरीके से जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मणिकांत पांडेय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >