Auraangabad news: कुटुंबा प्रखंड के सिंघना गांव में बुधवार की सुबह करमा पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गयीं, जब पूजा का झूर विसर्जित करने तालाब में गयीं चार किशोरियां गहरे पानी में डूब गयीं. हादसे में 17 वर्षीय आकांक्षा कुमारी की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य किशोरियों को ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में सुधार हो रहा है.
मृतका की पहचान सिंघना गांव निवासी दीपक सिंह की पुत्री आकांक्षा कुमारी के रूप में हुई है. हादसे में घायल किशोरियों में राजेश सिंह की पुत्री छाया कुमारी, स्व. बबलू सिंह की पुत्री पायल कुमारी और स्व. रंजन सिंह की पुत्री पुष्पांजलि कुमारी शामिल हैं.
झूर विसर्जन के बाद तालाब में नहाने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, चारों किशोरियों ने मंगलवार को करमा पर्व का उपवास रखा था. पूजा-पाठ संपन्न होने के बाद बुधवार की सुबह सभी पूजा का झूर लेकर पास के तालाब में विसर्जन करने गयी थीं.
झूर विसर्जित करने के बाद चारों किशोरियां तालाब में नहाने लगीं. इसी दौरान वे गहरे पानी में चली गयीं और डूबने लगीं. किशोरियों ने बचाने के लिए शोर मचाया.
किशोर की आवाज सुनकर पहुंचे मुकेश, तीन किशोरियों को बचाया
किशोरियों की चीख-पुकार पास से गुजर रहे एक किशोर ने सुनी. उसने रास्ते से गुजर रहे मुकेश सिंह को आवाज देकर बुलाया. मुकेश सिंह तत्काल तालाब के पास पहुंचे और पानी में उतरकर एक-एक कर तीन किशोरियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
हालांकि, आकांक्षा कुमारी गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गयी. घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण भी मौके पर पहुंचे और उसकी तलाश शुरू की. कुछ ही देर बाद आकांक्षा का शव तालाब से बाहर निकाला गया.
नये तालाब में नहाने गयी थीं किशोरियां
ग्रामीणों के अनुसार, गांव में हाल ही में एक नये तालाब की खुदाई करायी गयी थी. बताया गया कि किशोरियां पुराने तालाब के बजाय इसी नये तालाब में नहाने चली गयी थीं. तालाब की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ.
घटना के बाद सिंघना गांव में शोक का माहौल है. करमा पर्व की खुशियां एक परिवार के लिए दर्दनाक हादसे में बदल गयीं.