विश्वनाथ पांडेय की रिपोर्ट :
Aurangabad News : एक्साईज डिपार्टमेंट की टीम ने शराब से लदी एक हुंडई कार को जब्त किया है. यह कार्रवाई उत्पाद अधीक्षक मनोज कुमार के निर्देश पर एएसआई विनोद कुमार चौहान द्वारा गुरुवार की रात जपला-तेतरियां मोड़ स्थित कोईरीडीह चेकपोस्ट के पास की गई. प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक धंधेबाज झारखंड से भारी मात्रा में शराब लेकर उक्त मार्ग से गुजर रहा था. इसी दौरान चेकपोस्ट पर तैनात उत्पाद पुलिस को वाहन की गतिविधियां संदिग्ध लगीं और उसे रोकने का प्रयास किया गया.
पुलिस को देखते ही कार छोड़कर भागा ड्राइवर
पुलिस की टीम को देखते ही कार का चालक वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया. हालांकि, उत्पाद विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को तुरंत अपने कब्जे में ले लिया और उसकी गहन तलाशी ली. इस तलाशी के दौरान वाहन के अंदर से अलग-अलग सील पैक पेटियों में रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई.
105 लीटर अंग्रेजी और 340 लीटर देशी शराब जब्त
कार से बरामद शराब में 105 लीटर अंग्रेजी शराब तथा 340 लीटर देशी शराब शामिल है. दोनों मिलाकर कुल 445 लीटर अवैध शराब जब्त की गई है. शराब बरामद होने के बाद उत्पाद पुलिस ने जब्त वाहन और शराब को थाने लाकर सुरक्षित रख दिया है. इस मामले में अब वाहन के मालिक और फरार चालक की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
वाहन मालिक और ड्राइवर पर FIR दर्ज
उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि वाहन मालिक एवं चालक के विरुद्ध मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है. उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह सख्त कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी.
