Aurangabad News : सरकार द्वारा निबंधन कार्यालयों में पेपरलेस रजिस्ट्री व्यवस्था लागू किए जाने के विरोध में दस्तावेज नवीस संघ ने सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी. प्रांतीय कमेटी के आह्वान पर दाउदनगर के दस्तावेज नवीसों ने निबंधन कार्य पूरी तरह बंद रखा और अवर निबंधन कार्यालय परिसर के समीप धरना देकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की. हड़ताल के कारण निबंधन कार्यालय के आसपास दिनभर सन्नाटा पसरा रहा.
नई व्यवस्था को लेकर दस्तावेज नवीसों में असंतोष
दस्तावेज नवीस संघ के सदस्यों का कहना है कि पेपरलेस रजिस्ट्री की नई व्यवस्था को लेकर दस्तावेज नवीसों में काफी असंतोष है. उनका दावा है कि नई व्यवस्था को समझने में दस्तावेज नवीसों के साथ-साथ आम लोगों को भी परेशानी हो रही है. अंग्रेजी भाषा में प्रक्रिया होने के कारण आम लोगों के लिए इसे सहज रूप से समझना कठिन हो सकता है.
आधार से मोबाइल लिंक नहीं होने पर ओटीपी की परेशानी
दस्तावेज नवीसों ने कहा कि रजिस्ट्री के दौरान क्रेता और विक्रेता दोनों से ओटीपी की आवश्यकता होती है, जबकि कई लोगों का आधार कार्ड मोबाइल नंबर से लिंक नहीं है. ऐसे में उन्हें व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है. संघ ने कहा कि इन समस्याओं के समाधान और अपनी मांगों को लेकर प्रदेश स्तर पर आंदोलन चल रहा है. जब तक मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक हड़ताल जारी रखने की बात कही गई.
Also Read : बेगूसराय नगर निगम कार्यालय में महापौर पिंकी देवी ने किया ध्वजारोहण, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
जितेंद्र कुमार यादव की अध्यक्षता में धरना
धरना की अध्यक्षता दस्तावेज नवीस संघ के दाउदनगर अध्यक्ष जितेंद्र कुमार यादव ने की. इस दौरान कृष्णनंदन सिंह, यमुना सिंह, रामानुज सिंह, शशि शर्मा, नीतीश सिंह, उमेश सिंह, शिवप्रसाद गुप्ता, मदन प्रसाद सिंह, ललन सिंह, दिलीप कुमार सिंह, सतीश कुमार, अशोक पांडे, अवधेश पांडे और हरिहर सिंह सहित अन्य दस्तावेज नवीस मौजूद रहे.
मुद्रांक विक्रेताओं ने भी बंद रखा काम
दस्तावेज नवीस संघ के आंदोलन का समर्थन करते हुए मुद्रांक विक्रेता संघ भी हड़ताल में शामिल रहा. मुद्रांक विक्रेता अमित कुमार सिन्हा, राजेंद्र प्रसाद और विजय प्रसाद ने अपना काम बंद रखा. उन्होंने कहा कि वे दस्तावेज नवीसों की मांगों के समर्थन में हैं और आंदोलन में उनके साथ हैं.
Also Read : बेगूसराय में तैलिक वैश्य संघ ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और समाजसेवियों को किया सम्मानित
सात अपॉइंटमेंट आए, नहीं हुआ एक भी निबंधन
अवर निबंधन पदाधिकारी विशाल सौरभ ने बताया कि सोमवार को निबंधन कार्यालय में कुल सात अपॉइंटमेंट आए थे, लेकिन दस्तावेज नवीसों की हड़ताल के कारण इनमें से किसी का भी निबंधन नहीं हो सका. समाचार लिखे जाने तक कार्यालय में एक भी निबंधन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी.
Also Read : बेगूसराय में तैलिक वैश्य संघ ने प्रतिभावान छात्र-छात्राओं और समाजसेवियों को किया सम्मानित
