Aurangabad News: जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत पौथु पंचायत के बरपा गांव में मदार नदी के बढ़े जलस्तर और कटाव की स्थिति का जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने बुधवार को स्थल निरीक्षण किया. उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर जलजमाव, कटाव और जनजीवन पर पड़े प्रभावों की विस्तृत समीक्षा की तथा उपस्थित पदाधिकारियों को राहत एवं बचाव से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सैंड बैग से कटावरोधी कार्य और स्थायी समाधान का निर्देश
निरीक्षण के क्रम में पाया गया कि नदी के जलस्तर में पहले की तुलना में कमी आई है, लेकिन तेज बहाव के कारण तटवर्ती इलाकों में कई स्थानों पर कटाव की गंभीर समस्या बनी हुई है. जिलाधिकारी के निर्देश पर संवेदनशील स्थलों पर सैंड बैग (बालू भरी बोरियां) डालकर सुरक्षात्मक कार्य तत्काल शुरू करा दिए गए हैं. डीएम ने जल संसाधन और संबंधित अभियंताओं को पूरे क्षेत्र का तकनीकी सर्वेक्षण कर कटाव के स्थायी निदान हेतु एक ठोस कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि आने वाले समय में ग्रामीणों की जमीन और मकानों को नुकसान से बचाया जा सके.
मिश्र बिगहा पुल का 40 मीटर एप्रोच रोड जल्द पूरा करने की हिदायत
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने मिश्र बिगहा गांव में ग्रामीण कार्य विभाग द्वारा निर्मित पुल का निरीक्षण किया. पुल का मुख्य ढांचा पूरी तरह बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन करीब 40 मीटर का संपर्क पथ (एप्रोच रोड) अधूरा रहने के कारण ग्रामीण इसका पूरा उपयोग नहीं कर पा रहे हैं. डीएम ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को फटकार लगाते हुए संपर्क पथ का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर पूरा कराने का निर्देश दिया, ताकि क्षेत्र का आवागमन सुगम हो सके.
क्षतिग्रस्त सड़कों की वीडियोग्राफी और त्वरित मरम्मत
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने जानकारी दी कि देव प्रखंड के उपहरा और अरंडा गांवों में भारी बारिश से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का वीडियोग्राफी के माध्यम से सर्वेक्षण कार्य पूर्ण कर लिया गया है. इस पर डीएम ने ग्रामीण कार्य विभाग और पथ निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत शीघ्र शुरू कराने को कहा. साथ ही सभी पदाधिकारियों को जलनिकासी, पुल-पुलियों की सुरक्षा और बाढ़ से हुए फसल नुकसान का वास्तविक आकलन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का आदेश दिया.
निरीक्षण में शामिल रहे वरीय प्रशासनिक अधिकारी
निरीक्षण के दौरान जिले के वरीय प्रशासनिक और तकनीकी पदाधिकारी मौजूद रहे. इनमें मुख्य रूप से अपर समाहर्ता अनुग्रह नारायण सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) उपेंद्र पंडित, सदर एसडीओ गौरव सिंह, दाउदनगर एसडीओ अमित राजन, जिला आपदा प्रभारी अंतरा कुमारी, जिला कृषि पदाधिकारी संदीप राज और डीपीएम (स्वास्थ्य) मोहम्मद अनवर आलम सहित संबंधित विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं स्थानीय अधिकारी उपस्थित थे.
Also Read: VHP Foundation Day: मदनपुर में विहिप का स्थापना दिवस, गोवंश संरक्षण को लेकर लिया गया बड़ा संकल्प
