पीएम सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में योजना की प्रगति, लाभुकों के पंजीकरण, रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना, सामग्री उपलब्धता तथा बैंक ऋण स्वीकृति की विस्तृत समीक्षा की गई. मुख्य सचिव ने सभी जिलों को नवंबर तक निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने का निर्देश देते हुए कार्य में और तेजी लाने पर जोर दिया. औरंगाबाद से जिलाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा, पुलिस अधीक्षक उपेंद्रनाथ वर्मा, उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, सदर अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, दाउदनगर अनुमंडल पदाधिकारी अमित राजन, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्वेतांक लाल, कार्यपालक अभियंता विद्युत आपूर्ति, सिविल सर्जन सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे.
959 आवेदन मिले, 191 घरों पर लग गये हैं रूफटॉप सोलर संयंत्र
समीक्षा के दौरान बताया गया कि औरंगाबाद जिले में अब तक योजना के तहत 959 आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 779 लाभुकों ने विक्रेता का चयन कर लिया है. वहीं 191 स्थलों पर रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना पूरी हो चुकी है. पिछले चार माह में जिले में 67 नए संयंत्र लगाए गए हैं. अधोसंरचना निर्माण की समीक्षा में बताया गया कि अब तक 115 सोलर पैनल एवं 30 संरचनाओं का संस्थापन किया गया है. कार्य में तेजी लाने के लिए 595 मानवबल की तैनाती की गई है. नवंबर 2026 तक लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन 49 संस्थापन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. बैठक में यह भी बताया गया कि जिले के लिए 576 सोलर मॉड्यूल तथा 30 संरचनाएं उपलब्ध हैं. अतिरिक्त 500 संरचनाओं की आपूर्ति शीघ्र सुनिश्चित की जा रही है. इससे संस्थापन कार्य में और तेजी आने की उम्मीद है.
357 ऋण आवेदन, औसत 17 दिन में मिल रही स्वीकृति
बैठक में बैंक ऋण स्वीकृति की भी समीक्षा की गई. बताया गया कि जिले में 357 ऋण आवेदन प्राप्त हुए हैं. इनमें 209 ऋण स्वीकृत किए जा चुके हैं. 124 लाभुकों को ऋण वितरित किया गया है. 92 स्वीकृत ऋण वितरण की प्रक्रिया में हैं. जबकि 32 आवेदन अस्वीकृत हुए हैं. जिले में ऋण स्वीकृति की औसत अवधि 17 दिन दर्ज की गई है. मुख्य सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिया कि लाभुकों का शीघ्र पंजीकरण, समयबद्ध निरीक्षण, सामग्री की उपलब्धता, बैंक ऋण स्वीकृति तथा रूफटॉप सोलर संयंत्रों के संस्थापन कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित लक्ष्य हर हाल में प्राप्त किया जाए. जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को समन्वित प्रयास के साथ लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया. साथ ही अधिकाधिक पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने के लिए जन-जागरूकता एवं प्रचार-प्रसार अभियान को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया.
