औरंगाबाद शहर में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत पात्र और वंचित परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने के लिए 14 जुलाई से 13 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जाएगा. इस अभियान के दौरान जिन पात्र परिवारों के पास अब तक राशन कार्ड नहीं है, वे ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन कर सकेंगे. अभियान का उद्देश्य जिले के सभी पात्र परिवारों को समयबद्ध तरीके से राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ना है.
48 हजार से अधिक नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य
जिले में एनएफएसए के तहत 18,90,221 लाभार्थियों की सीमा निर्धारित है, जबकि वर्तमान में 16,85,195 लाभार्थी ही योजना से जुड़े हैं. शेष पात्र परिवारों को लाभ पहुंचाने के लिए 48,241 नए राशन कार्ड जारी करने का लक्ष्य रखा गया है. इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए 13 अगस्त तक प्रतिदिन औसतन 1,608 राशन कार्ड निर्गत करने की योजना बनाई गई है.
पंचायत विकास दिवस पर लिए जाएंगे आवेदन
26 जुलाई को आयोजित होने वाले पंचायत विकास दिवस के अवसर पर प्रत्येक पंचायत में राशन कार्ड से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे. पात्र लाभुकों के आवेदन का यथासंभव उसी दिन निष्पादन कर राशन कार्ड जारी करने का प्रयास किया जाएगा. इससे लोगों को पंचायत स्तर पर ही सरल और त्वरित सेवा मिल सकेगी.
बीडीओ होंगे प्रखंड स्तर के नोडल अधिकारी
जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तर का नोडल अधिकारी नामित किया है. उन्होंने निर्देश दिया है कि प्रत्येक प्रखंड का विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार किया जाए. इसके तहत पंचायत सचिव, विकास मित्र, कार्यपालक सहायक, डाटा एंट्री ऑपरेटर समेत सभी संबंधित कर्मियों की पंचायतवार प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी.
घर-घर जाकर लिए जाएंगे आवेदन
अभियान के तहत प्रतिनियुक्त कर्मी घर-घर जाकर पात्र परिवारों से आवेदन प्राप्त करेंगे और योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करेंगे. जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि किसी भी पात्र परिवार को योजना से वंचित न रहने दिया जाए. प्रत्येक वार्ड में आवश्यकतानुसार कार्यपालक सहायकों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की तैनाती भी की जाएगी.
प्रतिदिन होगी अभियान की समीक्षा
अभियान की निगरानी के लिए औरंगाबाद और दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है. दोनों अधिकारियों को नियंत्रण कक्ष स्थापित कर प्रतिदिन अभियान की समीक्षा करने और शाम चार बजे तक जिला आपूर्ति शाखा को प्रगति रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया गया है. साथ ही प्रखंडवार लक्ष्य की नियमित निगरानी कर आवश्यक मार्गदर्शन देने को भी कहा गया है.
जिला प्रशासन ने की आवेदन करने की अपील
जिला प्रशासन ने सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समय पर आवेदन कर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत मिलने वाले राशन और अन्य सुविधाओं से जुड़ें. अभियान के सफल संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक और तकनीकी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं.
