औरंगाबाद में रविवार को देव सूर्य मंदिर में उमड़ी आस्था, हजारों श्रद्धालुओं ने किए भगवान सूर्य के दर्शन

देव के ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में आषाढ़ माह के रविवार को आस्था का अभूतपूर्व संगम देखने को मिला. हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य के दर्शन कर अपने परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की.

देव: प्रसिद्ध ऐतिहासिक देव सूर्य मंदिर में आषाढ़ माह के रविवार को भगवान सूर्य के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. सूर्य मंदिर न्यास समिति के अनुसार हजारों श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. पुलिस की निगरानी में श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से गर्भगृह में प्रवेश कराया गया, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हुई.

सुबह से लगा श्रद्धालुओं का तांता, गूंजता रहा जयघोष

सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं. भगवान सूर्य के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूबा रहा. थानाध्यक्ष कुमार सौरभ के नेतृत्व में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रही. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी. श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्वक कतार में खड़े होकर दर्शन किए.

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई विशेष व्यवस्था

सूर्य मंदिर न्यास समिति के सचिव विश्वजीत राय और कोषाध्यक्ष सुधीर सिंह ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पेयजल, गर्मी से बचाव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं. औरंगाबाद के अलावा गया, रोहतास, अरवल, जहानाबाद तथा झारखंड के पलामू सहित कई जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे.

तीन स्वरूपों में विराजमान हैं भगवान सूर्य

मंदिर के पुजारी राजेश पाठक, सुभाष पाठक और मृत्युंजय पाठक ने बताया कि देव सूर्य मंदिर में भगवान सूर्य तीन स्वरूपों में विराजमान हैं. धार्मिक मान्यता के अनुसार इन तीनों स्वरूपों के दर्शन मात्र से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं. आषाढ़ माह में भगवान सूर्य की पूजा से आरोग्य, सुख-समृद्धि और पुण्य की प्राप्ति होती है. श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण दिनभर देव की सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही. विशेष रूप से महिला श्रद्धालुओं की संख्या अधिक देखी गई.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant Pathak

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >