Aurangabad News: औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार सिंह ने प्रेस बयान जारी कर नीट (NEET) पेपर लीक और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर नई दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की कड़ी निंदा की है. उन्होंने आंदोलित छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से तत्काल इस्तीफे की मांग की है.
सरकार पर लगाया युवाओं को गुमराह करने का आरोप
देवेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार देश के छात्रों और युवाओं को गुमराह कर रही है. देश में बेरोजगारी चरम पर है और नौकरियां लगातार कम होती जा रही हैं. उन्होंने कहा कि जब भी कोई भर्ती निकलती है, तो उसका प्रश्नपत्र लीक हो जाता है, जिससे देश भर के करोड़ों अभ्यर्थियों में भारी आक्रोश व्याप्त है.
लाठीचार्ज की निंदा और आंदोलन की चेतावनी
राजद नेता ने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया, जिसमें महिला अभ्यर्थियों को भी नहीं बख्शा गया. उन्होंने कहा कि छात्र कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे थे, लेकिन सरकार ने संवाद के सभी दरवाजे बंद कर दिए हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए, तो इस मुद्दे को लेकर व्यापक देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा.
Also Read: औरंगाबाद: मदनपुर में बीईओ के खिलाफ शिक्षकों का मोर्चा, रिश्वतखोरी और दुर्व्यवहार के लगाए गंभीर आरोप
