दाउदनगर. क्षेत्र के युवाओं और खेल प्रतिभाओं के लिए अच्छी खबर है. ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर विद्यालय और पीएम श्री अशोक इंटर विद्यालय के खेल मैदान को आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की पहल की है. इसके साथ ही ओबरा प्रखंड की अमिलौना पंचायत के कझवां में सार्वजनिक खेल मैदान के निर्माण की दिशा में भी प्रयास शुरू किया गया है. इस संबंध में विधायक ने बिहार सरकार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया था. विधायक के पत्र पर संज्ञान लेते हुए खेल मंत्री ने विभागीय स्तर पर वांछित कार्रवाई के लिए खेल विभाग, बिहार, पटना के सचिव को निर्देश दिया है.
खेल सुविधाओं को बेहतर बनाना प्राथमिकता
खेल मंत्री के इस कदम पर विधायक डॉ. प्रकाश चंद्र ने आभार जताया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देना उनकी प्राथमिकता है. दाउदनगर और ओबरा क्षेत्र में खेल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि खेल मैदान मजबूत होंगे तो प्रतिभाएं भी और मजबूत होंगी.
खंडहर में तब्दील हो चुका है राष्ट्रीय इंटर स्कूल का स्टेडियम
दाउदनगर के राष्ट्रीय इंटर विद्यालय के खेल मैदान में करीब डेढ़ दशक पहले सरकार की ओर से स्टेडियम का निर्माण कराया गया था. उस समय उम्मीद जगी थी कि स्टेडियम के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिलेगा और युवाओं को खेल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध होगी. लेकिन देखरेख के अभाव में धीरे-धीरे यह स्टेडियम उपेक्षा का शिकार होता गया. वर्तमान में इसकी स्थिति बेहद जर्जर हो चुकी है.
स्टेडियम परिसर में बने कमरे खंडहर में तब्दील हो चुके हैं. दरवाजे और खिड़कियां गायब हैं, जबकि सीढ़ियां टूटकर बिखर रही हैं. कई जगहों पर चहारदीवारी ढह चुकी है और मुख्य द्वार भी टूट चुका है. जिस परिसर में खिलाड़ियों की आवाज और खेल गतिविधियों की गूंज सुनाई देनी चाहिए, वहां अब मवेशियों का जमावड़ा नजर आता है. ऐसे में इसे आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की विधायक की पहल को महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
अशोक इंटर स्कूल मैदान को भी मिलेगा नया स्वरूप
दाउदनगर के पीएम श्री अशोक इंटर विद्यालय के पास भी बड़ा खेल मैदान है. इस मैदान में युवा विभिन्न खेल गतिविधियों के साथ पुलिस और अन्य सेवा भर्ती की तैयारी के लिए दौड़ लगाते हैं. हालांकि यहां खिलाड़ियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का अभाव है.
विधायक ने इस मैदान को भी आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित कराने की पहल की है. इससे युवाओं को अभ्यास के लिए बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है और मैदान का उपयोग नियमित खेल गतिविधियों के लिए किया जा सकेगा.
कझवां में सार्वजनिक खेल मैदान की पहल
ओबरा प्रखंड की अमिलौना पंचायत के कझवां में सार्वजनिक खेल मैदान के निर्माण की पहल से स्थानीय युवाओं में भी उम्मीद जगी है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बेहतर खेल मैदान उपलब्ध होने से युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा. दाउदनगर और ओबरा के इन खेल मैदानों के आधुनिक स्टेडियम के रूप में विकसित होने से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा. साथ ही पुलिस, सेना और अन्य सेवाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को भी इन सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है.
