धरना देते भाकपा माले नेता व कार्यकर्ता | Prabhat Khabar Network

औरंगाबाद : अस्पताल, आवास, सड़क और पानी को लेकर भाकपा माले का प्रदर्शन, दाउदनगर SDO को सौंपा 18 सूत्री ज्ञापन

विभिन्न जन समस्याओं और 18 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा माले के कार्यकर्ताओं ने दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय के समक्ष धरना दिया. वक्ताओं ने अस्पताल की अनियमितता और नगर पर्षद के भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को उठाया.

Aurangabad News : विभिन्न जन समस्याओं एवं 18 सूत्री मांगों को लेकर भाकपा माले के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को दाउदनगर अनुमंडल कार्यालय के समक्ष धरना दिया. धरने का नेतृत्व टाउन सचिव बिरजू चौधरी ने किया. इससे पहले कार्यकर्ता लखन मोड़ स्थित पार्टी कार्यालय से प्रदर्शन करते हुए भखरुआं मोड़ पहुंचे और वहां से अनुमंडल कार्यालय के समक्ष पहुंचे. यहां प्रदर्शन धरना में तब्दील हो गया.

भ्रष्टाचार व अव्यवस्था का मुद्दा

धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्था में कथित अनियमितता और नगर पर्षद कार्यालय में कथित भ्रष्टाचार समेत विभिन्न जनसमस्याओं को उठाया. उन्होंने कहा कि आम लोगों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान किया जाना चाहिए.

धरना स्थल पर नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी भी धरनार्थियों से वार्ता करने पहुंचे. हालांकि, धरनार्थियों ने कहा कि पार्टी का शिष्टमंडल अनुमंडल पदाधिकारी से मिलकर ही मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा. धरना समाप्त होने के बाद माले के शिष्टमंडल ने एसडीओ को 18 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा.

अस्पताल, टैक्स व आवास मांगें

ज्ञापन में अनुमंडलीय अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त करने, नगर पर्षद में बढ़ाए गए होल्डिंग टैक्स को वापस लेने, प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना की द्वितीय किस्त से वंचित गरीब लाभुकों को राशि का भुगतान करने तथा जरूरतमंद गरीबों को आवास आवंटित करने की मांग की गई.

शहर के रिंग रोड निर्माण की उच्चस्तरीय जांच कराने और सड़क पर छह इंच कालीकरण कराने, सम्राट अशोक भवन निर्माण पर रोक लगाकर इसकी जांच कराने तथा नगर पर्षद में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग भी शामिल है.

सड़क, नाला व भूमिहीनों के मुद्दे

इसके अलावा रामनगर पूर्वी व गऊघाट में प्राथमिकता के आधार पर पीसीसी सड़क व नाला निर्माण, अमृत बिगहा समेत गैरमजरूआ जमीन पर वर्षों से बसे भूमिहीनों को बासगीत पर्चा देने, सभी वार्डों में विवाह भवन बनाने, अधूरी नल-जल योजना पूरी कर जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने की मांग की गई.

माले ने महादलितों को प्राथमिकता के आधार पर प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने, भूमिहीन महादलित परिवारों को पांच डिसमिल जमीन देकर पुनर्वासित करने, अंचल कार्यालय में परिमार्जन व दाखिल-खारिज के नाम पर कथित धांधली रोकने और प्रक्रिया सरल करने की भी मांग उठाई.

प्रशासनिक रवैये व कर्मियों का मुद्दा

पुलिस प्रशासन की कथित मनमानी पर रोक लगाने तथा सिंचाई विभाग के मौसमी कर्मियों के कथित शोषण को बंद कराने की मांग भी ज्ञापन में की गई है. मौके पर माले जिला सचिव मुनारिक राम, प्रखंड सचिव चंद्रमा पासवान, नगर सांसद प्रतिनिधि अब्दुल कयूम अंसारी, प्रखंड सांसद प्रतिनिधि राजकुमार भगत, पूर्व मुख्य पार्षद धर्मेंद्र कुमार, कामता प्रसाद यादव, रामचंद्र चौहान, सुरेंद्र सिंह, गणेश कुमार, ऐपवा नेत्री मीना सिंह, बसंती देवी, नेहा कुमारी, आरती देवी सहित अन्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By ओमप्रकाश

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >