औरंगाबाद: आत्महत्या या साजिश? रफीगंज में पेड़ से लटका मिला 18 साल के युवक का शव, 3 दिन पहले गया था दाउदनगर

रफीगंज के दनई-संथुआ पथ पर एक 18 वर्षीय कारपेंटर का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, परिजनों में मचा कोहराम।

Aurangabad Murder Case: औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला. घटना दनई-संथुआ पथ स्थित नहर के पास की है. घटना की खबर सुनते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. मृतक की पहचान पोगर पंचायत के सिधी बुजुर्ग गांव निवासी धर्मेंद्र शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र चितरंजन कुमार के रूप में हुई है. चितरंजन पेशे से कारपेंटर का काम कर रहा था.

दाउदनगर से लौटते वक्त हुई घटना

परिजनों के अनुसार चितरंजन तीन दिन पहले दाउदनगर गया था, जहां वह कारपेंटर का काम कर रहा था. शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे वह दवा लाने की बात कहकर दाउदनगर बाजार के लिए निकला था.

इसके बाद वह घर नहीं लौटा. देर शाम अचानक खबर मिली कि उसका शव रफीगंज थाना क्षेत्र के दनई-संथुआ पथ पर नहर के समीप एक करीब 25 फीट ऊंचे पेड़ से लटका हुआ मिला है. यह खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया.

मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एसआई पप्पू पासवान और एएसआई रामअवेधश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और आसपास के लोगों से पूछताछ की.

जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के पास मृतक का बैग भी मिला, जिसमें उसके कपड़े रखे हुए थे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद भेज दिया है.

आत्महत्या या कुछ और, जांच जारी

थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि पहली नजर में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है.

गांव में चर्चा, परिजन सदमे में

इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. परिवार के लोग अभी भी सदमे में हैं और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. ग्रामीणों के बीच भी इस मामले को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं.

फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि युवक ने आत्महत्या की या इसके पीछे कोई और वजह है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit Kumar

पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. क्राइम की खबरों में गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे है. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >