मारपीट और सोने की चेन छीनने का है आरोप बारुण. जम्होर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बारुण प्रखंड के वर्तमान प्रखंड प्रमुख धनिकलाल मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. उनकी गिरफ्तारी जम्होर थाना कांड संख्या 26/26 में की गई है, जिसमें वे प्राथमिक अभियुक्त बनाये गये थे. मामले की जड़ 27 जनवरी 2026 को हुई एक घटना है. प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता रिशु कुमार ने आरोप लगाया था कि जब वह बाजार से लौट रहे थे, तब धनिकलाल मंडल और उनके सहयोगियों ने उन पर लाठी-डंडे और हथियार से जानलेवा हमला किया. पीड़ित का आरोप था कि इस हमले में उनका सिर फट गया और हमलावरों ने उनके गले से सोने की चेन भी छीन ली. प्राथमिकी में यह भी उल्लेख था कि आरोपियों ने उन्हें जातिसूचक मामले में में फंसाने और पद का धौंस दिखाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी. जम्होर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई. प्रखंड प्रमुख को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. इधर, इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से इलाके के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गयी है. पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में छापेमारी कर रही है.
मारपीट के मामले में बारुण के प्रखंड प्रमुख गिरफ्तार
मारपीट और सोने की चेन छीनने का है आरोप
