प्रतिनिधि, औरंगाबाद ग्रामीण. एसएच-101 पर मदनपुर थाना क्षेत्र के गउरा मोड़ के समीप बुधवार की दोपहर तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. मृतक की पहचान मदनपुर थाना क्षेत्र के गउरा गांव निवासी जयराम यादव के पुत्र नीतीश कुमार के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि बुधवार की सुबह नीतीश अपने घर से पैदल बगल के गांव परसावां स्थित जन वितरण प्रणाली की दुकान से सामान लाने गया था. सामान लेकर वह पैदल ही वापस घर लौट रहा था. इसी दौरान गउरा मोड़ के समीप तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे रौंद दिया. ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टर चालक वाहन चलाते समय मोबाइल फोन से रील्स बना रहा था. इसी दौरान अनियंत्रित होकर उसने नीतीश को अपनी चपेट में ले लिया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोगों ने डायल 112 को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मदद से घायल नीतीश को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. सदर अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने नब्ज टटोलने के बाद नीतीश को मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर मिलते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार करने लगे. परिजनों के विलाप से सदर अस्पताल का माहौल गमगीन हो गया. घटना के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया. चालक और ट्रैक्टर मृतक के गांव के ही हैं. घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. परिजनों ने बताया कि नीतीश चार भाइयों में मंझला था. करीब दो वर्ष पूर्व उसकी मां की भी मौत हो चुकी है. पिता जयराम यादव गांव में रहकर खेती-बाड़ी करते हैं. नगर थानाध्यक्ष बबन बैठा ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है. पोस्टमार्टम के लिए पुलिस टीम को भेजा गया है. मामले की जांच की जा रही है.
औरंगाबाद में रील्स बनाने के दौरान ट्रैक्टर चालक ने युवक को रौंदा, मौत

सदर अस्पताल में रोते बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
Copied link
औरंगाबाद में रील्स बनाने के चक्कर में ट्रैक्टर चालक ने एक युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।