औरंगाबाद: हसपुरा में सब्जी बेचकर लौट रहे विक्रेता को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में गया जी रेफर

बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम एक अधेड़ व्यक्ति को गोली मार दी गई. सब्जी बेचकर घर लौट रहे गोबिंद महतो पर बलखंडी नाथ मंदिर के समीप घात लगाए अपराधियों ने हमला किया. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.

Aurangabad News: बिहार के औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार की देर शाम अपराधियों ने बेखौफ होकर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. थाना क्षेत्र के कोईलवां गांव स्थित बलखंडी नाथ मंदिर के समीप सब्जी बेचकर अपने घर लौट रहे एक अधेड़ व्यक्ति को अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने गोली मार दी. इस जानलेवा हमले में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है.

घायल की पहचान हसपुरा थाना क्षेत्र के बंगाली बिगहा निवासी रामवृक्ष सिंह के 50 वर्षीय पुत्र गोबिंद महतो के रूप में की गई है.

घर लौटने के दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने की फायरिंग

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, गोबिंद महतो कोईलवां बाजार से सब्जी की दुकान बढ़ाकर अपनी लूना मोपेड (बाइक) से वापस अपने घर बंगाली बिगहा लौट रहे थे. जैसे ही वह बलखंडी नाथ मंदिर के समीप पहुंचे, वहां पहले से ही घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग कर दी. इस हमले में एक गोली सीधे उनकी गर्दन के पास जा लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर मोटरसाइकिल सहित सड़क पर गिर पड़े.

नाजुक हालत में गयाजी किया गया रेफर

गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई. स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही हसपुरा के थानाध्यक्ष दिनेश कुमार दल-बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल गोबिंद महतो को अपने वाहन से इलाज के लिए तत्काल हसपुरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद भी उनकी गंभीर और चिंताजनक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल, गयाजी (गया) रेफर कर दिया.

मामले की जांच और अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

सरेराह हुई इस वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय का माहौल है. इधर, हसपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. थानाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि घटना के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है. पुलिस पीड़ित परिवार के बयान और आपसी रंजिश सहित सभी संभावित कोणों से मामले की बारीकी से तफ्तीश कर रही है. वारदात को अंजाम देकर फरार हुए अपराधियों की पहचान कर उनकी जल्द गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है.

Also Read: औरंगाबाद: ग्रामीण समृद्धि व अर्थव्यवस्था सुदृढ़ बनाने को संकल्पित है नाबार्ड: डीडीएम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >