बारुण से राजू रंजन की रिपोर्ट :
Aurangabad Road Accident: औरंगाबाद के बारुण थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे की सर्विस लाइन पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राख लदा एक अनियंत्रित ट्रक बीच सड़क पर ही पलट गया. यह दुर्घटना केशव मोड़ के पास हुई. ट्रक के पलटने से व्यस्त रहने वाली यह सड़क पूरी तरह से अवरुद्ध हो गई और इसके कारण यातायात घंटों बाधित रहा. हालांकि, सबसे राहत की बात यह रही कि हादसे के समय सड़क किनारे बस का इंतजार कर रहे यात्री वहां ठीक उस जगह मौजूद नहीं थे, अन्यथा कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी.
अनियंत्रित होकर पलटा ट्रक नंबर BR 45 GB 7310, चालक फरार
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार, राख से लदा ट्रक (निबंधन संख्या BR 45 GB 7310) बारुण से औरंगाबाद की ओर जा रहा था. सर्विस लाइन पर चलने के दौरान अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और ट्रक बीच सड़क पर पलट गया. ट्रक का पिछला हिस्सा बंद नहीं होने के कारण उसमें लदी भारी मात्रा में राख पूरी सड़क पर फैल गई, जिससे पूरा मार्ग ढक गया. हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि ट्रक का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. दुर्घटना के बाद चालक मौका पाकर घटना स्थल से फरार हो गया.
यात्रियों से भरा रहता है केशव मोड़, बड़ा हादसा होने से टला
स्थानीय लोगों का कहना है कि केशव मोड़ के समीप वाली यह सर्विस लाइन हमेशा यात्रियों से गुलजार रहती है. यहां से लोग बारुण-नवीनगर, बारुण-दाउदनगर समेत डेहरी और औरंगाबाद जाने के लिए हर समय बसों व अन्य वाहनों का इंतजार करते हैं. हादसे के समय वहां लोगों की भारी भीड़ न होना किसी चमत्कार से कम नहीं था, जिससे कई लोगों की जान बाल-बाल बच गई.
सड़कों पर लगी वाहनों की लंबी कतार, क्रेन से हटाया गया ट्रक
ट्रक के पलटने और सड़क पर राख फैलने से भारी वाहनों का आना-जाना पूरी तरह ठप हो गया. इस भीषण जाम के कारण बारुण-नवीनगर, बारुण-दाउदनगर सहित डेहरी और औरंगाबाद मार्ग पर देखते ही देखते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. स्थानीय पुलिस और एनएचएआई (NHAI) के कर्मी घटना की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचे और जाम को हटाने के प्रयास में जुट गए. प्रशासन द्वारा ट्रक को बीच सड़क से हटाने के लिए क्रेन का उपयोग किया गया, ताकि सुचारू रूप से यातायात को दोबारा बहाल किया जा सके.
